Varun Sanyal Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 से भारत के लिए एक डराने वाली खबर सामने आई है। जापान के नागोया में चल रहे खेलों में भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर वरुण सान्याल क्रूज जहाज पर सौना बाथ लेते समय बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अच्छी बात यह है कि अब वह खतरे से बाहर हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल के बेटे वरुण 77 किग्रा कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले थे।
नेपाल के खिलाड़ी ने बचाई जान
बताया जा रहा है कि वह रविवार को होने वाली अपनी प्रतियोगिता के लिए वजन कम करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके लिए वह सौना बाथ ले रहे थे। भारतीय MMA खेल महासंघ के अध्यक्ष निखिल कुंडेरा ने पीटीआई को बताया कि वरुण की जान नेपाल के एक खिलाड़ी ने बचाई। कुंडेरा ने कहा, "सौभाग्य से नेपाल के एक खिलाड़ी ने उन्हें उस हालत में देखा और उन्हें जगाया। वरुण मुझे फोन करने की स्थिति में थे जिसके बाद हम उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले गए।" उन्होंने आगे कहा, "चिंता की कोई खास बात नहीं थी, इसलिए उन्हें सुबह करीब तीन बजे क्रूज पर वापस लाया गया। अब उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।"
सौना के दौरान हुआ बॉडी पेन
हालांकि भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने आधिकारिक बयान में इसे सामान्य क्रैम्प और बदन दर्द बताया है। IOA ने कहा, "वरुण सान्याल को शनिवार शाम क्रूज में सौना के दौरान जनरलाइज्ड क्रैम्प और बॉडी पेन हुआ। उनका मेडिकल एग्जामिनेशन और ब्लड टेस्ट नॉर्मल रहा। आराम के बावजूद रविवार सुबह वह खुद को कॉम्बैट स्पोर्ट के लिए पूरी तरह फिट महसूस नहीं कर रहे थे। कोच से सलाह के बाद उन्होंने मेडिकल ग्राउंड पर नाम वापस ले लिया।" वरुण ने इस वजह से एशियन गेम्स से अपना नाम वापस ले लिया है। वह जनवरी 2026 में चीन में हुई एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। वह एशियन गेम्स के लिए चुने गए दो भारतीय MMA फाइटर्स में से एक थे।
सुचिका तरियाल ने मेडल किया पक्का
दूसरी तरफ भारत की महिला MMA फाइटर सुचिका तरियाल ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए पहला मेडल पक्का किया। सुचिका अब 60 किग्रा महिला वर्ग के सेमीफाइनल में उतरेंगी। इस बार एशियन गेम्स में MMA पहली बार शामिल हुआ है। एथलीटों को क्रूज जहाज में ठहराया गया है, जहां इस तरह की घटना ने सुरक्षा और सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
