इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 39वे मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया है। चेन्नई के होम ग्राउंड पर आयोजित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने रुतुराज गायकवाड़ के शतक की बदौलत 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने मार्कस स्टोइनिस की शतकीय पारी की बदौलत इस लक्ष्य को 4 विकेट के नुकसान पर 19.3 ओवर में हासिल कर लिया। ये लखनऊ सुपर जायंट्स की इस टूर्नामेंट की 5वीं जीत है। वहीं सीएसके की ये चौथी हार है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीता टॉस
मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।सीएसके ने पॉवरप्ले में गंवाए 2 विकेट
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का पॉवरप्ले कुछ खास नहीं रहा। टीम ने 6 ओवर में 50 रन तो बनाए लेकिन इस दौरान उन्होंने 2 बड़े विकेट गंवा दिए। सीएसके की तरफ से अजिंक्य रहाणे और डेरिल मिचेल पॉवरप्ले के दौरान ही आउट हो गए। लखनऊ की तरफ से मैट हेनरी और यश ठाकुर ने विकेट झटके।
रुतुराज- दुबे ने पारी को संभाला
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से चौथे नंबर पर रवींद्र जडेजा फेल रहे। वे केवल 16 रन ही बना पाए। लेकिन इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे ने 104 रनों की विशाल साझेदारी की और टीम के स्कोर को 200 के पार ले गए।
रुतुराज गायकवाड़ ने रचा इतिहास
रुतुराज गायकवाड़ ने मैच में शानदार शतक जड़ा। इसी के साथ वे आईपीएल में शतक जड़ने वाले पहले सीएसके के कप्तान बन गए। रुतुराज ने केवल 60 गेंदों पर 108 रनों की पारी खेली और धमाल मचा दिया।
शिवम दुबे की विस्फोटक पारी
शिवम दुबे इस मैच में एक बार फिर से अपनी बेहतरीन लय में दिखे। शिवम दुबे ने केवल 27 गेंदों पर ही 66 रन बना दिए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 7 छक्के जड़े।
लखनऊ सुपर जायंट्स की खराब शुरुआत
मैच में 211 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने 6 ओवर में केवल 45 रन बनाए। लखनऊ को इस दौरान केएल राहुल और क्विंटन डी कॉक के रुप में दो बड़े झटके भी लग गए।
देवदत्त पड्डिकल फिर हुए फेल
मैच में देवदत्त पड्डिकल को इम्पैक्ट प्लेयर के रुप में उतरे देवदत्त पड्डिकल एक बार फिर से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। पड्डिकल ने 17 गेदों पर केवल 13 रन बनाए और पथिराना की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
मार्कस स्टोइनिस ने जड़ा शतक
मैच में मार्कस स्टोइनिस की पारी भी शानदार रही। उन्होंने अंत तक संघर्ष किया और शानदार शतक जड़ दिया। ये उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है। स्टोइनिस ने केवल 56 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी करी ली और अपनी टीम को मैच में बनाए रखा। उन्होंने 63 गेंदों पर 124 रनों की इनिंग खेली। उनकी पारी की बदौलत ही टीम ने चेन्नई को उनके गढ़ में हरा दिया।
दीपक हुड्डा ने डाला शानदार इम्पैक्ट
लखनऊ सुपर जायंट्स की इस जीत में दीपक हुड्डा की भी खास भूमिका रही। 18वें ओवर में निकोलस पूरन के विकेट के बाद ऐसा लग रहा था कि सीएसके मैच जीत जाएगी लेकिन दीपक हुड्डा ने केवल 6 गेंदों पर 17 रन बनाए और मैच पलट कर रख दिया।
प्लेयर ऑफ द मैच- मार्कस स्टोइनिस
