क्रिकेट

राजस्थान रॉयल्स को आरसीबी ने दी रोमांचक मुकाबले में मात, देखें मैच हाइलाइट्स और सभी डिटेल्स

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को गुरुवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 11 रन के करीबी अंतर से मात देकर सीजन की छठी जीत दर्ज की। राजस्थान ने जीती बाजी अंतिम ओवरों में गंवा दी। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम राजस्थान रॉयल्स कल का मैच कौन जीता

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने जोश हेजलवुड (33 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से वापसी करते हुए बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में राजस्थान रॉयल्स को 11 रन से शिकस्त देकर इस सत्र में घरेलू मैदान पर पहली जीत का स्वाद चखा। आरसीबी 12 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। गुजरात टाइटन्स और दिल्ली कैपिटल्स के भी 12-12 अंक हैं। राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार पांचवीं हार थी।

जोश हेजलवुड ने कराई आरसीबी की वापसी

इससे पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (70 रन) और देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के अर्धशतकों तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 95 रन की साझेदारी से आरसीबी ने पांच विकेट पर 205 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। पर राजस्थान रॉयल्स 20 ओवर में नौ विकेट पर 194 रन ही बना सकी। उसके लिए यशस्वी जायसवाल (49 रन), रियान पराग (22 रन), नीतीश राणा (28 रन) और वैभव सूर्यवंशी (16 रन) और ध्रुव जुरेल ने आरसीबी के गेंदबाजों की खूब धुनाई की। पर हेजलवुड ने 17वें और 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी कर आरसीबी को मैच में वापसी कराई। शुभम दुबे और जुरेल ने 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार पर 22 रन जुटाये जिससे राजस्थान को जीत के लिए दो ओवर में केवल 18 रन चाहिए थे।

लेकिन 19वें ओवर में हेजलवुड ने महज एक रन देकर दो विकेट झटके जिसमें जुरेल (47 रन) का विकेट भी शामिल था। इससे आरसीबी की जीत सुनिश्चित हुई। जुरेल रिव्यू के बाद आउट हुए और फिर हेजलवुड ने अगली गेंद पर जोफ्रा आर्चर का विकेट झटका जबकि अंतिम ओवर में यश दयाल ने शुभम दुबे (12 रन) और वानिंदु हसारंगा (01) को आउट किया।

राजस्थान को जायसवाल-वैभव ने दिलाई आतिशी शुरुआत

राजस्थान रॉयल्स ने पावरप्ले में भले ही दो विकेट गंवा दिए लेकिन उसने छह ओवर में 72 रन बना लिए थे जबकि आरसीबी का पावरप्ले में स्कोर बिना विकेट गंवाए 59 रन था। नौ ओवर में जहां आरसीबी का स्कोर 72 रन था तो वहीं राजस्थान की टीम दो विकेट पर 110 रन बना लिए थे और जीत की ओर बढ़ रही थी। पर हेजलवुड ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इससे पहले कोहली ने फिल सॉल्ट (26 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 40 गेंद में 61 रन की भागीदारी भी निभाई। टिम डेविड ने अंत में 23 रन और जितेश शर्मा ने नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 200 रन तक पहुंचाया। कोहली ने 42 गेंद की पारी में आठ चौके और दो छक्के जड़े जबकि पडीक्कल ने 27 गेंद खेलते हुए चार चौके और तीन छक्के जमाए।

आरसीबी को विराट-साल्ट ने दिलाई तेज शुरुआत

इस सत्र में घरेलू सरजमीं पर चौथा टॉस गंवाने के बाद आरसीबी ने अच्छी शुरूआत की जिसमें जोफ्रा आर्चर के पहले ओवर में 11 रन जुटाए। चोटिल संजू सैमसन की अनुपस्थिति में राजस्थान रॉयल्स की अगुआई कर रहे रियान पराग ने दूसरे ओवर में फजलहक फारूकी की गेंद पर सॉल्ट (23 गेंद) का कैच छोड़ दिया। विकेट लेने के प्रयास में मध्यम गति के गेंदबाज तुषार देशपांडे को गेंदबाजी के लिए लगाया गया जिनका स्वागत सॉल्ट ने दो चौकों से किया। कोहली ने भी देशपांडे की गेंद पर चौका लगाया जिससे आरसीबी ने पांचवें ओवर में 50 रन का स्कोर पार किया। कोहली ने संदीप पर एक खूबसूरत चौका लगाकर पावरप्ले में आरसीबी को 59 रन तक पहुंचाया।

विराट ने जारी रखा फॉर्म

लेग स्पिनर वनिंदु हसारंगा ने राजस्थान की टीम को पहला विकेट सॉल्ट के रूप में दिलाया जो ऑन साइड पर गेंद पर बल्ले का किनारा छुआकर डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए। कोहली ने 12वें ओवर में संदीप शर्मा पर लगातार दो चौके जड़कर आईपीएल में अपना 60वां अर्धशतक जड़ा जो 32 गेंद में आठ चौके की मदद से बना। यह इस सत्र का उनका पांचवां और घरेलू मैदान पर पहला अर्धशतक है। कोहली और पडीक्कल ने मिलकर 15वें ओवर में देशपांडे पर तीन छक्के से टीम के खाते में 22 रन का इजाफा किया जिससे टीम का स्कोर एक विकेट पर 156 रन हो गया। दूसरे छोर पर पडीक्कल ने देशपांडे द्वारा मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 26 गेंद में चार चौके और तीन छक्के जड़कर 50 रन बनाए। पर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज आर्चर ने धीमी लेग कटर पर कोहली का विकेट झटका।

फिर पडिक्कल भी संदीप शर्मा की गेंद पर मिडऑफ पर नीतीश राणा को कैच देकर आउट हुए। यह आसान कैच था लकिन राणा गेंद को देख नहीं पाए जिससे उन्होंने छठे प्रयास में यह कैच लपका।

मैन ऑफ द मैच:

कसी हुई गेंदबाजी से आरसीबी की वापसी कराने वाले जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हेजलवुड ने 33 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article