क्रिकेट

कौन हैं बॉक्सर पिता का क्रिकेटर बेटा, गुजरात टाइटन्स के लिए किया IPL डेब्यू

साल 2022 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे ऑलराउंडर निशांत सिंधु को गुजरात टाइटन्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल डेब्यू का मौका दिया है। जानिए कौन है ये खिलाड़ी अबतक कैसा रहा है प्रदर्शन?

Image

निशांत सिंधु(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

Nishant Sindhu Career: साल 2022 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे ऑलराउंडर निशांत सिंधु को रविवार को गुजरात टाइटन्स के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल डेब्यू का मौका मिला है। उन्हें तमिलनाडु के आतिशी ऑलराउंडर शाहरुख खान की जगह गुजरात की प्लेइंग-11 में शामिल होने का मौका मिला। साल 2025 में हुए मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटन्स ने सिंधु को 30 लाख रुपये के बेस प्राइज पर अपनी टीम में शामिल किया था।

बांए हाथ के बल्लेबाज और स्पिनर हैं सिंधु

सिंधु बांए हाथ के बल्लेबाज और बांए हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। साल 2011 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक विश्व विजय से प्रेरणा लेकर सिंधु ने क्रिकेटर बनने के सपना देखा था। मूल रूप से हरियाणा के रोहतक के रहने वाले निशांत के पिता स्टेट लेवल बॉक्सर थे। साल 2018-19 में पहली बार निशांत के ऑलराउंड प्रदर्शन की धमक भारतीय क्रिकेट गलियारों में सुनाई दी थी। उस साल विजय मर्चेंट ट्रॉफी में उन्होंने 572 रन बनाने के साथ-साथ 23 विकेट भी अपनी फिरकी गेंदबाजी के बल पर चटकाए थे और टीम को फाइनल पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की थी। इसके बाद उन्हें साल 2022 के अंडर-19 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधत्व करने का मौका मिला था। टू्र्नामेंट में उन्होंने 140 रन बनाए और 6 विकेट चटकाए थे और टीम की खिताबी जीत में योगदान दिया था।

चेन्नई के लिए खेलने का नहीं मिला था मौका

सिंधु इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के सदस्य थे लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था। अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद सिंधु को चेन्नई सुपर किंग्स ने 60 लाख की कीमत खरीदा था। सिंधु को बेस प्राइज 20 लाख रुपये से तिगुनी कीमत मिली थी। साल 2023 में चेन्नई की पांचवीं खिताबी जीत का वो हिस्सा रहे थे। 2025 की नीलामी से पहले सीएसके ने उन्हें रिलीज कर दिया था।

ऐसा रहा है निशांत का टी20 करियर

घरेलू क्रिकेट में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाले निशांत सिंधु ने अबतक खेले 37 टी20 मैच की 33 पारी में 27.25 के औसत और 138,97 के स्ट्राइक रेट से 763 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 100 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वहीं इन मैचों में उन्होंने 21.76 के औसत और 6.72 की इकोनॉमी से 21 विकेट भी चटकाए हैं। 15 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article