क्रिकेट

IND vs SL: जानिए कौन हैं भारतीय वनडे टीम में पहली बार एंट्री करने वाला 22 वर्षीय पेसर

जानिए कौन है भारतीय वनडे टीम में पहली बार जगह हासिल करने वाला 5 फिट 11 इंच लंबा युवा तेज गेंदबाज? कैसा रहा है घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड?

Image

हर्षित राणा (साभार BCCI/IPL/KKR)

KEY HIGHLIGHTS
  • हर्षित राणा का श्रीलंका दौरे के लिए हुआ चयन
  • पहली बार भारतीय वनडे टीम में मिली जगह
  • आईपीएल 2024 में मचाया था केकेआर के लिए धमाल

आईपीएल 2024 में केकेआर के लिए खेलते हुए अपनी तेज गेंदबाजी से धमाल मचाने वाले 22 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। हर्षित राणा को हाल ही में जिंबाब्वे दौरे पर भारत की टी20 टीम में पहले दो मुकाबलों के लिए शामिल किया गया था लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

आईपीएल 2024 में बिखेरी चमक

हर्षित राणा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया था। आईपीएल 2024 में उन्होंने 13 मैच में 20.16 के औसत और 9.08 की इकोनॉमी से 19 विकेट चटकाए थे। 24 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था। फाइनल में राणा ने 24 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे और अपनी टीम की खिताबी जीत में भी अहम भूमिका अदा की थी।

20 लाख रुपये में केकेआर ने था खरीदा

आईपीएल 2022 के लिए हुई नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर अपनी टीम में शामिल किया था। इसके बाद आईपीएल में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल में टी20 डेब्यू का मौका मिला इसके बाद उनकी दिल्ली की टीम में एंट्री हो गई। इसी साल नवंबर में राणा ने दिल्ली के लिए लिस्ट ए डेब्यू मेघालय के खिलाफ कोलकाता में किया। इसके बाद दिसंबर में प्रथम श्रेणी डेब्यू असम के खिलाफ किया।

घरेलू क्रिकेट में मचाया है अबतक धमाल

कोलकाता नाइट राइडर्स ने साल 2022 के बाद से हर्षित राणा को लगातार रिटेन किया। घरेलू क्रिकेट में राणा ने अबतक शानदार प्रदर्शन किया है। राणा ने 7 प्रथम श्रेणी मैचों में 26.35 के औसत से 28 विकेट चटकाए हैं। 45 रन देकर 7 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वहीं लिस्ट ए में उन्होंने 14 मैच में 22 विकेट 23.45 के औसत और 5.54 की इकोनॉमी के साथ चटकाए हैं। 17 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इसी आधार पर उन्हें वनडे टीम में जगह मिली है।

शानदार रहा आईपीएल 2024 में प्रदर्शन

हर्षित ने आईपीएल में तीन सीजन में खेले 21 मैच में 23.24 के औसत और 9.05 की इकोनॉमी के साथ कुल 25 विकेट अपने नाम किए हैं। 24 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। पिछला सीजन हर्षित के लिए गंभीर की मेंटोरशिप में शानदार रहा और सीज में 19 विकेट चटकाकर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे। 5 फिट 11 इंच लंबे हर्षित के पास रफ्तार के साथ-साथ स्विंग भी है। ऐसे में वो भारतीय टीम के लिए आने वाले वक्त में अहम साबित हो सकते हैं। शुरुआती ओवरों में विकेट लेने की काबिलियत हर्षित को खतरनाक बनाती है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article