शहर

Delhi Murder: सीलमपुर में थाने से चंद कदम दूर खूनी वारदात, 21 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक 21 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिल्ली पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

Image

दिल्ली में 21 वर्षीय युवक की पार्क में हत्या

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder Case: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक 21 वर्षीय युवक पर थाने के ठीक सामने स्थित सेंट्रल पार्क में चाकू से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की पहचान 21 वर्षीय सुभान के रूप में हुई है। इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

थाने के करीब हुई चाकूबाजी की वारदात

जानकारी के मुताबिक, वारदात सीलमपुर थाने से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित सेंट्रल पार्क में हुई थी। युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

क्राइम ब्रांच और FSL ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच में जुटी है। सुभान की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा है। वहीं, थाने के बेहद करीब हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर चिंता का माहौल है।

यमुनापार में बढ़ती वारदातों से चिंता

यमुनापार इलाके में पिछले कुछ दिनों से गोलीबारी और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आने के बीच इस वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस थाने के पास हुई घटना के बाद लोगों की सुरक्षा और ऐसी वारदातों पर लगाम लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article