शहर

रितु बराला केस में FIR की मांग पर अड़ी कांग्रेस, जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में धरना जारी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

NSUI छात्र नेता रितु बराला से कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राजस्थान कांग्रेस का जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में धरना जारी है। जयपुर पुलिस के अनुसार, दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में पहले से शिकायत दर्ज है और जांच जारी है।

Image

रितु बराला मामले में जीरो FIR की मांग

Photo : ANI

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान NSUI नेता रितु बराला के साथ कथित मारपीट के मामले में औपचारिक FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राजस्थान कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत तमाम वरिष्ठ नेता जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के परिसर में डटे हुए हैं। मंगलवार को भी कार्यकर्ताओं और नेताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मांग पूरी होने तक वे विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

मंगलवार को पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच लंबी बातचीत के बाद भी फिलहाल कोई सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबलों के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की जाए। डोटासरा ने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के मद्देनजर कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की बसें पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी भी की। इस दौरान नेताओं को परिसर से बाहर निकालने और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 के तहत कार्रवाई किए जाने की आशंका जताई गई।

क्या है पूरा मामला?

रितु बराला ने सोमवार को जयपुर के मोती डूंगरी थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि 13 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान महिला कांस्टेबल चंचल यादव, सोनिका और ज्योति ने उनके साथ मारपीट की थी। जयपुर पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि रितु बराला ने घटना वाले दिन ही दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और मामले की जांच चल रही है। पुलिस का कहना है कि समान तथ्यों के आधार पर राजस्थान में दूसरी FIR दर्ज करना कानूनी रूप से स्वीकार्य नहीं होगा। वहीं, कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि जयपुर में जीरो FIR दर्ज कर शिकायत को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस के पास भेजा जा सकता है।

राहुल गांधी और अशोक गहलोत ने भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के साथ मारपीट की। लेकिन संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी रितु बराला की शिकायत पर FIR दर्ज करने की मांग की थी। दूसरी ओर, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर प्रदर्शन के जरिए हंगामा करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि शिकायत उसी जगह दर्ज कराई जानी चाहिए, जहां घटना हुई। इस मामले में दिल्ली पुलिस की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article