DU Recruitment 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में सरकारी नौकरी पाने का मौका है। विश्वविद्यालय ने नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती के लिए 126 रिक्तियों की घोषणा की है। इस भर्ती के तहत सीनियर असिस्टेंट और असिस्टेंट के पदों को भरा जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 9 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
सीनियर असिस्टेंट: इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ असिस्टेंट या समकक्ष पद पर पे लेवल-4 में तीन वर्ष का निर्धारित कार्य अनुभव जरूरी है। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष है।
असिस्टेंट: इस पद के लिए भी किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। उम्मीदवार के पास जूनियर असिस्टेंट या समकक्ष पद पर दो वर्ष का निर्धारित कार्य अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा टाइपिंग की योग्यता भी आवश्यक है। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिल सकती है।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवार दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in पर जाएं। यहां 'Work with DU' सेक्शन में जाकर भर्ती अधिसूचना संख्या R&P/323/2026 देखें। आवेदन लिंक 23 अक्टूबर से उपलब्ध होगा। फॉर्म भरने के साथ जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और स्किल टेस्ट के माध्यम से किया जाएगा। स्किल टेस्ट क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा। चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में दी गई है।
कितने पदों पर होगी भर्ती?
दिल्ली यूनिवर्सिटी की इस भर्ती में कुल 126 पद शामिल हैं। इनमें सीनियर असिस्टेंट के 46 पद और असिस्टेंट के 80 पद निर्धारित किए गए हैं। दोनों पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आयु सीमा अलग-अलग रखी गई है। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।
