क्रिकेट

IND vs AUS: वाशिंगटन ने बताई, पहला शतक लगाने वाले नीतीश कुमार रेड्डी के बारे में 'सुंदर' बात

IND vs AUS: नीतीश कुमार रेड्डी के साथ 127 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया को मुश्किल से निकालने वाले वाशिंगटन सुंदर ने इस नीतीश की खूब तारीफ की। उन्होंने इस खिलाड़ी का मानसिकता को लेकर प्रतिक्रिया दी और आईपीएल के दिनों को याद करते हुए कुछ खुलासे किए।

Image

नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर (साभार-AP)

IND vs AUS: मेलबर्न टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया ने खेल खत्म होने तक 9 विकेट के नुकसान पर 358 रन बना लिए हैं। नीतीश कुमार रेड्डी 105 जबकि मोहम्मद सिराज 2 रन बनाकर नाबाद हैं। कभी टीम इंडिया पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन नीतीश और वाशिंगटन की जोड़ी ने उसे मुश्किल से निकाल लिया। सुंदर अर्धशतक लगाकर आउट हुए तो नीतीश अब भी डंटे हुए हैं। नीतीश की इस ऐतिहासिक पारी को लेकर उनके जोड़ीदार वाशिंगटन सुंदर ने प्रतिक्रिया दी है।

सुंदर ने नीतिश रेड्डी की शतकीय पारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह उन्हें मानसिक रूप से मजबूत व्यक्ति के तौर पर जानते हैं जिनके जीवन का फलसफा अपना 120 प्रतिशत देना है, फिर चाहे वह मैदान पर हो या मैदान के बाहर। वाशिंगटन ने रेड्डी के शतक की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘एक अविश्वसनीय शतक। मेरा मतलब है कि इस शतक के बारे में बहुत लंबे समय तक बात की जाएगी और इसे याद रखा जाएगा। ‘बॉक्सिंग डे’ शतक, मुझे लगता है कि वह इसे हमेशा याद रखेंगे। ’’

रेड्डी के नाबाद 105 रन और वाशिंगटन (50) के साथ आठवें विकेट के लिए उनकी 127 रन की साझेदारी से भारत एमसीजी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट के तीसरे दिन नौ विकेट पर 358 रन के स्कोर पर पहुंच गया।

मानसिक रुप से मजबूत है नीतीश

वाशिंगटन ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘‘एक बात तो पक्की है। वह मानसिक रूप से बहुत मजबूत है। मेरा मतलब है कि मैं उसे काफी वर्षों से जानता हूं। आज जिस तरह से उसने पारी खेली है, वह अद्भुत था। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसने सुनिश्चित किया कि वह खेल में उस चरण को चुनें जहां उसे लगता था कि वह कुछ बाउंड्री लगा सकता है। वह इस बात से अवगत था कि स्थिति हमारे लिए कब थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ’’

हैदराबाद के लिए साथ खेल चुके हैं दोनों

वाशिंगटन ने सनराइजर्स हैदराबाद में रेड्डी को खेलते हुए देखा है और उनकी कार्यनीति से काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘नीतिश के बारे में एक बात यह है कि चाहे वह मैदान पर हो या मैदान के बाहर, वह अपना 120 प्रतिशत देते हैं। यह जीवन के प्रति उनका दृष्टिकोण है, ऐसा नहीं है कि यह केवल क्रिकेट के प्रति है। मैंने उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान देखा है और साथ ही उनकी काम करने का तरीका भी काफी करीब से देखा है। ’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article