क्रिकेट

नहीं थी जानकारी...मिचेल स्टार्क ने सैंडपेपर गेट विवाद पर उस्मान ख्वाजा के आरोपों को किया सिरे से खारिज

सैंडपेपर गेट विवाद के बारे में उस्मान ख्वाजा द्वारा किए गए दावों के मामले में ऑस्ट्रेलियाई टीम बंटती हुई नजर आ रही है। विवाद के दौरान कंगारू टीम हिस्सा रहे तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

Image

मिचेल स्टार्क

Photo : AP

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपने पूर्व साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा के इस दावे को खारिज कर दिया है कि 2018 के 'सैंडपेपरगेट'विवाद की साजिश में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी जबकि इस मामले में केवल तीन खिलाड़ियों को सजा दी गई थी। स्टार्क ने कहा,'मेरी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।'

जल्द प्रकाशित होने वाली अपनी किताब में ख्वाजा ने कहा है कि तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को क्रिकेट प्रशासकों ने बलि का बकरा बनाया था जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंद की स्थिति बदलने के लिए रेगमाल के इस्तेमाल की योजना के बारे में पूरी टीम को जानकारी थी। इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ और वॉर्नर पर एक साल के प्रतिबंध के अलावा नेतृत्व संबंधी प्रतिबंध भी लगाए थे।

मुझे नहीं थी सैंडपेपर गेट विवाद की जानकारी

उस टीम का हिस्सा रहे स्टार्क ने कहा कि वह 2021 में दिए गए अपने उस बयान पर कायम हैं जिसमें उन्होंने इस मामले में अपनी अनभिज्ञता जाहिर की थी। स्टार्क ने पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और नाथन लॉयन के साथ 2021 में जारी संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा,'मैं गेंदबाजों की ओर से नहीं बोलूंगा लेकिन जहां तक मेरा सवाल है, मेरा नजरिया और मेरी याददाश्त में कोई बदलाव नहीं आया है। हमने 2021 में जो कहा था मैं उस पर कायम हूं। यह सब एक किताब में लिखा गया है। इस बारे में आगे स्पष्टीकरण देना संबंधित व्यक्ति का काम है। 2021 में हमने अपने बयान में स्पष्ट किया था कि मैदान पर क्या किया जा रहा था इसकी हमें जानकारी नहीं थी। हम अपनी बात पर कायम हैं। सच कहूं तो मैंने इस पर ज्यादा ध्यान भी नहीं दिया है।'

वॉर्नर ने ख्वाजा के बयान को बताया है सही

ख्वाजा के दावों को वॉर्नर का भी समर्थन मिला है। वार्नर ने उनके खुलासों को 'शत प्रतिशत सही' बताया है। हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस विवाद की नए सिरे से जांच की संभावना से इनकार किया है। उसने कहा है कि इस मामले की दोबारा जांच करने का कोई 'ठोस कारण' नहीं है। इस विवाद के कारण देश में क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था की छवि को भी नुकसान पहुंचा था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article