स्पोर्ट्स

World Shooting Championship: भारत को 25 मीटर पिस्टल की टीम स्पर्धा में मिला स्वर्ण, व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में पहुंची ईशा सिंह और मनु भाकर

ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या सुब्बाराजू की तिकड़ी ने भारत को दोहा में चल रही आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक भारत को दिलाया। मनु और ईशा ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी एंट्री कर ली है।

Image

ईशा सिंह और मनु भाकर

दोहा: भारत की स्टार पिस्टल निशानेबाज और एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकीं ईशा सिंह ने मंगलवार को दोहा में चल रही आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक दिलाया। ईशा ने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह पक्की कर ली है।

ईशा, मनु और सुब्बाराजू की तिकड़ी ने मचाया धमाल

ईशा ने दो दिन तक चली क्वालीफिकेशन स्पर्धा में 590 अंकों के साथ भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु भाकर के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही।

ओलंपिक का कोटा हासिल करने के करीब पहुंची ईशा

भारत की प्रमुख पिस्टल निशानेबाजों में शामिल 21 वर्षीय ईशा ने व्यक्तिगत पदक के साथ-साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने की अपनी उम्मीदें भी मजबूत कर ली हैं। उन्होंने क्वालीफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में प्रवेश किया। जर्मनी की डोरेन वेनकैम्प ने 592 अंकों के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। हंगरी की अनुभवी निशानेबाज वेरोनिका मेजर 591 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

फॉर्म में लौटीं मनु भाकर

विश्व चैंपियनशिप से पहले लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही मनु भाकर ने भी शानदार वापसी करते हुए फाइनल में जगह बना ली। वह 587 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं। दिव्या सुब्बाराजू बेहद मामूली अंतर से फाइनल में पहुंचने से चूक गईं और 10वें स्थान पर रहीं। ईशा ने सोमवार को प्रिसिजन चरण में 292 अंक हासिल किए थे, लेकिन मंगलवार को रैपिड चरण में दमदार वापसी की। उन्होंने तीन सीरीज में क्रमशः 100, 98 और 100 अंक अर्जित किए। इस तरह रैपिड चरण में 298 अंक और कुल 590 अंकों के साथ उन्होंने अपना अभियान शानदार ढंग से आगे बढ़ाया। मनु भाकर ने भी प्रिसिजन चरण के 289 अंकों के बाद रैपिड चरण में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन सीरीज में 99, 99 और 100 अंक हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

भारत के पास ओलंपिक कोटा बढ़ाने का है शानदार मौका

भारत के पास अब ओलंपिक कोटा की संख्या बढ़ाने का सुनहरा मौका है। व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाले तीनों निशानेबाजों के देशों को लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा मिलेगा। ऐसे में अगर ईशा और मनु दोनों पोडियम पर जगह बनाने में सफल रहती हैं तो भारत को दो और ओलंपिक कोटा मिल सकते हैं।

जयपाल मालवीय ने जीता रजत

इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत के लिए लॉस एंजिलिस ओलंपिक का पहला कोटा हासिल किया था। वह इस विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले पहले निशानेबाज बने। महिला टीम का स्वर्ण पदक और दो निशानेबाजों का व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचना भारतीय अभियान के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। अब तक प्रतियोगिता में भारत का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। खासकर राइफल स्पर्धाओं में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। इसके अलावा राइफल निशानेबाज शांभवी क्षीरसागर के अयोग्य घोषित किए जाने से जुड़ा विवाद भी भारतीय अभियान पर छाया रहा है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article