क्रिकेट

IND vs SA: कैलिस का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं विराट, टॉप-5 में है इन बल्लेबाजों के नाम

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज 30 नवंबर से होने जा रहा है। इस सीरीज में विराट के सामने जैक कैलिस का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है।

Image

भारत और साउथ अफ्रीका (साभार-BCCI)

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे इतिहास में अब तक कुल 94 मैच खेले गए हैं, जहां साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। 94 में से 51 मुकाबला साउथ अफ्रीका के नाम रहा है जबकि 40 मुकाबले टीम इंडिया ने जीते हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों से टीम इंडिया का दबदबा रह है। साल 2016 के बाद दोनों टीम 18 बार एक दूसरे से भिड़ी है जिसमें 12 बार टीम इंडिया को जीत मिली है और 6 बार साउथ अफ्रीका के पक्ष में मुकाबला रहा है। इस दौरान जिन बल्लेबाजों ने सर्वाधिक रन बनाए हैं, उसमें सचिन तेंदुलकर टॉप पर हैं। इतना ही नहीं सचिन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डबल सेंचुरी भी लगाई है। भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली तीसरे नंबर पर हैं, लेकिन आगामी 3 मैच की वनडे सीरीज में उनके पास नंबर दो पर आने का मौका है।

भारत-साउथ अफ्रीका वनडे में सबसे ज्यादा रन

सचिन तेंदुलकर : मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भारत-साउथ अफ्रीका के बीच वनडे इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। तेंदुलकर ने साल 1991 से 2011 के बीच 57 मुकाबलों में 35.73 की औसत के साथ कुल 2001 रन बनाए। इस दौरान तेंदुलकर के बल्ले से 5 शतक और 8 अर्धशतक निकले। सचिन तेंदुलकर वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी हैं। उन्होंने 24 फरवरी 2010 को ग्वालियर में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध नाबाद 200 रन की पारी खेली थी।

जैक कैलिस : साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने भारत के विरुद्ध 37 वनडे मुकाबलों में 61.40 की औसत के साथ 1,535 रन बनाए। इस दौरान कैलिस के बल्ले से 2 शतक और 11 अर्धशतक निकले। कैलिस ने भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 127 चौके लगाए।

विराट कोहली : साल 2010 से 2023 के बीच विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 31 वनडे मुकाबलों में 65.39 की औसत के साथ 1,504 रन बनाए। इस दौरान कोहली ने 5 शतक और 8 अर्धशतक लगाए। कोहली ने 7 फरवरी 2018 को केपटाउन में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 160 रन की नाबाद पारी खेली थी। कोहली ने इस टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 17 छक्के और 121 चौके लगाए हैं। 32 रन बनाते ही वह जैक कैलिस से आगे निकल जाएंगे।

गैरी कर्स्टन : साल 1995 से 2001 के बीच साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने 26 वनडे मुकाबलों में 62.59 की औसत के साथ 1,377 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 9 अर्धशतक निकले।

एबी डिविलियर्स : साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज ने साल 2005 से 2018 के बीच भारत के खिलाफ 32 मैच खेले, जिसमें 48.46 की औसत के साथ 1,357 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 5 अर्धशतक लगाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article