Rahul Gandhi Chennai Visit: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार का दिन राजनीतिक हलचल से भरा रहा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक दिन के दौरे पर चेन्नई (Chennai Chhatron Ki Goonj) पहुंचे। यहां पहुंचते ही उनका व्यस्त कार्यक्रम शुरू हो गया। सबसे पहले राहुल गांधी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह अहम बैठक मुख्यमंत्री के नीलंकरई स्थित आवास पर दोपहर के भोजन के दौरान हुई।
यह मुलाकात कई मायनों में बेहद खास मानी जा रही है, क्योंकि 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' (SSJV) गठबंधन के औपचारिक गठन के बाद दोनों दिग्गज पहली बार आमने-सामने आए हैं। इस गठबंधन में कांग्रेस, टीवीके और वीसीके शामिल हैं। हाल ही में विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के बाद इस राजनीतिक मुलाकात ने राज्य की सियासत में और गर्माहट ला दी है।
लंच के बाद राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' नामक संपर्क कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। इस मेगा इवेंट में भाग लेने के लिए लगभग 10,000 से 20,000 छात्रों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन कराया था। कार्यक्रम स्थल 'आईलैंड ग्राउंड्स' पर छात्रों के साथ सीधे संवाद के दौरान राहुल गांधी ने देश और राज्य के शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्य रूप से नीट (NEET) परीक्षा, बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं की शिक्षा और केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति जैसे गंभीर विषयों पर युवाओं के विचार सुने और अपनी बात रखी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ आयोजन
राहुल गांधी के इस दौरे और रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेन्नई आगमन के कार्यक्रमों को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। चेन्नई पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में शहरभर में करीब 15,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में सिर्फ उन्हीं छात्रों को प्रवेश दिया गया जिनके पास वैध क्यूआर कोड था, जबकि आम जनता की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रही। शाम के सत्र के बाद राहुल गांधी कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
