क्रिकेट

इस युवा खिलाड़ी की कप्तानी में दिल्ली के लिए खेलेंगे विराट कोहली, आखिरी विदाई से पहले टीम लगाएगी जोर

Virat Kohli In Delhi vs Railways Ranji Trophy Match: भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली सालों बाद रणजी ट्रॉफी खेलने जा रहे हैं जिसको लेकर दिल्ली में माहौल किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जैसा है। दिल्ली और रेलवे के बीच होने वाले इस मैच के बारे में खास बातें जानिए और आपको बताएंगे कि किस खिलाड़ी की कप्तानी में विराट कोहली खेलते नजर आएंगे।

Image

विराट कोहली इस युवा खिलाड़ी की कप्तानी में खेलेंगे रणजी मैच (LSG)

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली-रेलवे रणजी ट्रॉफी मैच
  • सालों बाद विराट कोहली खेलेंगे रणजी ट्रॉफी मैच
  • युवा खिलाड़ी की कप्तानी में मैदान पर उतरेंगे

Virat Kohli In Ranji Trophy: विराट कोहली की करिश्माई मौजूदगी से रणजी ट्रॉफी की चमक ही नहीं बढ़ी है बल्कि खराब दौर से जूझ रही दिल्ली की टीम का मनोबल भी ऊंचा हुआ है जो रेलवे के खिलाफ ग्रुप डी के आखिरी मैच में जीत के साथ विदा लेने के इरादे से उतरेगी। रेलवे के छह मैचों में 17 अंक है और दिल्ली को बोनस अंक के साथ हराने पर वह नॉकआउट में पहुंच सकता है । दिल्ली के छह मैचों में 14 अंक है और तकनीकी तौर पर ही वह दौड़ में बनी हुई है । वैसे कोहली को खेलते देखने आने वाले दर्शकों को नतीजे की परवाह कहां है।

तमिलनाडु के छह मैचों में 25 और चंडीगढ के छह मैचों में 19 जबकि सौराष्ट्र के 18 अंक है। दिल्ली की टीम अगर पहले गेंदबाजी करती है तो मैदान में 3000 से ज्यादा दर्शक नहीं होंगे लेकिन दिल्ली के पहले बल्लेबाजी करने पर दर्शक यही चाहेंगे कि कोहली जल्दी से क्रीज पर उतरें। लेकिन अगर ‘किंग कोहली’ जल्दी आउट हो जाते हैं तो ? फिर रणजी ट्रॉफी वापिस ‘रणजी ट्रॉफी’ ही हो जायेगा जिसमें चार या पांच पत्रकार और सौ दो सौ दर्शक मैदान पर होते हैं।

कोहली की वापसी को लेकर इस तरह की हाइप है कि फिरोज शाह कोटला मैदान पर से लाइव स्ट्रीमिंग के लिये ऐन मौके पर व्यवस्था की गई है । कोहली बारह साल और तीन महीने बाद रणजी मैच खेलेंगे। दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी ने मैच से पूर्व कहा ,‘‘ मैने आईपीएल में विराट भैया के खिलाफ खेला है । यह मेरे लिये सम्मान की बात है कि ऋषभ के बाद अब विराट भैया मेरी कप्तानी में खेल रहे हैं ।’’

समझा जाता है कि कोहली टीम में जोंटी सिद्धू की जगह लेंगे जो पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं । बडोनी ने कहा ,‘‘ विराट भैया चौथे नंबर पर उतरेंगे । उन्होंने हमसे सकारात्मक होकर खेलने के लिये कहा है ।’’ कोटला की पिच हरी भरी लग रही है और बडोनी ने संकेत दिया है कि वे अतिरिक्त तेज गेंदबाज को लेकर उतरेंगे । ऐसे में मनी ग्रेवाल की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है।

रेलवे की टीम के पास कुछ बेहद अनुभवी खिलाड़ी हैं । कोहली की कप्तानी में 11 साल पहले एडीलेड में टेस्ट पदार्पण करने वाले कर्ण शर्मा के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव भी हैं । तेज गेंदबाजी में हिमांशु सांगवान स्ट्राइक गेंदबाज हैं। रेलवे की टीम पर भी कोहली का करिश्मा छाया हुआ है और उसके कुछ खिलाड़ी अभ्यास के पहले दिन आधुनिक क्रिकेट के इस महानायक के साथ तस्वीरें लेते दिखे।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article