विराट कोहली और एबी डिविलियर्स (ICC)
IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच साल 1991 से अब तक 94 वनडे मैच खेले गए हैं। लेकिन आज बात उन बल्लेबाजों की करेंगे जिनके नाम सर्वाधिक शतक है। हैरानी की बात यह है कि विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। हालांकि, उनके पास मौजूदा सीरीज में सबसे आगे निकलने का मौका होगा। जिस फॉर्म में विराट हैं वह अगर यह कारनामा कर लें तो कोई हैरानी नहीं होगी। इस लिस्ट में टॉप पर विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक हैं। टॉप-5 बल्लेबाजों में 3 बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के हैं, जबकि 2 बल्लेबाज भारत के हैं। दो भारतीय बल्लेबाजों में एक तो क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं तो दूसरे दो फॉर्मेट छोड़ चुके हैं।
क्विंटन डी कॉक : साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने साल 2013 से 2023 के बीच भारत के खिलाफ 20 वनडे मैच खेले, जिसमें 53.85 की औसत के साथ 1,077 रन अपने नाम किए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 2 अर्धशतक निकले। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ 135 रन की पारी भी खेली है।
एबी डिविलियर्स : 'मिस्टर 360' के नाम से मशहूर साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने भारत के विरुद्ध 32 वनडे मुकाबलों में 48.46 की औसत के साथ 1,357 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 शतकीय और 5 अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
विराट कोहली : 'रन मशीन' कोहली ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 31 वनडे मुकाबलों में 5 शतकों के साथ 8 अर्धशतक लगाए। इस दौरान उनके बल्ले से 65.39 की औसत के साथ 1,504 रन निकले। कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 160 रन की नाबाद पारी खेली है।
सचिन तेंदुलकर : 'मास्टर-ब्लास्टर' सचिन तेंदुलकर ने साल 1991 से 2011 के बीच साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 57 मुकाबलों में सर्वाधिक 2,001 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 8 अर्धशतक निकले। तेंदुलकर वनडे इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले पहले पुरुष क्रिकेटर हैं। उन्होंने यह कारनामा साउथ अफ्रीका के खिलाफ किया था।
गैरी कस्टर्न : साउथ अफ्रीका के इस दिग्गज खिलाड़ी ने साल 1995 से 2001 के बीच भारत के विरुद्ध 26 वनडे मुकाबलों में 4 शतक और 9 अर्धशतक के साथ 1,377 रन बनाए। इस खिलाड़ी ने अपने वनडे करियर में भारत के खिलाफ नाबाद 133 रन की पारी खेली। कस्टर्न भारतीय टीम के हेड कोच भी रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में भारत ने वनडे विश्व कप 2011 का खिताब जीता था।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।