क्रिकेट

MI vs RCB: मुंबई के खिलाफ विराट कोहली ने खोया आपा, गुस्से में फेंका हेलमेट; BCCI लगा सकता है जुर्माना

वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को गुस्से में देखा गया। विराट सपाट और शांत पिच पर सही टाइमिंग हासिल करने में नाकाम रहे और रन गति बढ़ाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। हालांकि, उन्होंने कोशिश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आउट होने के बाद खुद से नाराज विराट को हेलमेट फेंकते हुए देखा गया।

Image

विराट कोहली ने फेंका हेलमेट। फोटो- स्क्रीनग्रैब

आईपीएल के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने हुए। बेंगलुरु ने इस मैच को 18 रन से अपने नाम किया। इस मैच में विराट कोहली को गुस्से में देखा गया। साथ ही ऐसी हरकत देखा गया, जिससे उन पर बीसीसीआई एक्शन भी ले सकता है। क्योंकि आउट होने के बाद विराट कोहली को हेलमेट फेंकते हुए देखा गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

वानखेड़े की सपाट पिच पर, जहां फिल सॉल्ट (78) और रजत पाटीदार (53) ने क्रमशः 216.67 और 265 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। वहीं, कोहली ने 131.58 के स्ट्राइक रेट से अपना अर्धशतक पूरा किया। बल्लेबाज ने अपना अर्धशतक बनाने के लिए 37 गेंदें खेलीं। वह 50 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। विराट कोहली अपने स्ट्राइक रेट से नाखुश दिखे।

आउट होने के बाद दिखा गुस्सा

आरसीबी की पारी के 15वें ओवर की चौथी गेंद पर तेजी से रन बनाने के लिए छटपटा रहे विराट ने बड़ा शॉट खेला। लेकिन लॉन्ग ऑन पर खड़े सूर्यकुमार यादव ने एक आसान कैच लपका। अपना विकेट गंवाने के बाद विराट कोहली का खुद पर गुस्सा होना कोई हैरानी की बात नहीं थी। आउट होने के बाद विराट कोहली ने गुस्से में अपने दस्ताने और हेलमेट डग आउट के पास फेंक दिए। विराट ने अपनी पारी के दौरान एक छक्का और पांच चौके लगाए।

क्या कहता है बीसीसीआई का रूल

मुंबई के खिलाफ विराट द्वारा अपना आपा खोना और हेलमेट फेंकना बीसीसीआई के रूल के खिलाफ है। विराट कोहली ने आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट (आचार संहिता) का उल्लंघन किया। आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के अनुसार, मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े, मैदान के फिक्स्चर या फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है। यह लेवल-1 का अपराध है, जिसके तहत दोषी पाए जाने पर मैच फीस का 10-25% जुर्माना और डिमेरिट अंक मिल सकते हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article