अफनागिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले विराट कोहली ने हालिया आरसीबी इनोवेशन लैब कार्यक्रम में बातचीत के दौरान बताया कि उनके लिए किस गेंदबाज का सामना करना कठिन रहा। विराट कोहली ने इस बातचीत में 3 अलग-अलग फॉर्मेट के लिए 3 गेंदबाज का नाम बताया है जिसको फेस करना उनके लिए कठिन रहा। हैरानी की बात यह है कि 3 में से दो नाम इंग्लैंड से है।
किसने किया विराट को परेशान
विराट कोहली ने बताया कि टेस्ट क्रिकेट में जेम्स एंडरसन का सामना करना उनके लिए चुनौती भरा रहा। जेम्स एंडरसन टेस्ट क्रिकेट के सबसे सफल तेज गेंदबाज हैं। 188 टेस्ट मैच में एंडरसन के नाम 704 विकेट हैं। इस दौरान उन्होंने 32 फाइफर और 3 टेनफर लिया है।
विराट ने वनडे क्रिकेट में आदिल रशीद का सामना करने को सबसे कठिन बताया। आदिल इंग्लैंड के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट में सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। एंडरसन के 269 विकेट के बाद रशीद ने ही सर्वाधिक वनडे विकेट इंग्लैंड के लिए चटकाए हैं। उनके नाम 161 मैच में 242 विकेट हैं। टी20 की बात करें तो विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के सुनील नरेन को सबसे कठिन बताया। नरेन आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले विदेशी गेंदबाज हैं।
विराट फिलहाल आईपीएल 2026 खेल रहे हैं और गजब की लय में हैं। अब तक खेले गए 13 मैच में विराट ने 54.20 की औसत और 164.74 की स्ट्राइक रेट से 542 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक और एक शतक जड़ा है। उन्होंने इस सीजन आईपीएल में 9,000 रन भी पूरे किए हैं। विराट जिस फॉर्म में हैं उसको देखते हुए उनके वनडे वर्ल्ड कप में खेलने की उम्मीद बढ़ गई है। उन्होंने हाल ही में वनडे वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा भी जाहिर की। इससे पहले विराट को अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज खेलनी है।
