क्रिकेट

न्यूजीलैंड के खिलाफ गरजा विराट कोहली का बल्ला, जड़ा वनडे करियर का 54वां शतक

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच निर्णायक मुकाबले में विराट कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक जड़ा। विराट ने साल 2026 का अपना पहला शतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर की 54वीं सेंचुरी रही।

Image

विराट कोहली का शतक। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रनचेज मास्टर विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मुकाबले में दमदार शतक जड़ा। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूर्व भारतीय कप्तान ने अपने वनडे करियर की 54वीं सेंचुरी पूरी की। साल 2026 में विराट कोहली के बल्ले से उनका पहला शतक निकला।

टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड खिलाफ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंद में अपना शतक पूरा किया। अपने 54वें शतक को पूरा करने में विराट ने 8 चौके और 2 छक्के उड़ाए। वहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट के नाम ये 85वां शतक रहा।

सहवाग और पोंटिंग को छोड़ा पीछे

विराट ने अपने करियर के 35वें वेन्यू पर सेंचुरी लगाई है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ किंग कोहली के बल्ले से ये 7वां शतक निकला। इस तरह विराट कोहली ने नए साल की धमाकेदार शुरुआत की है। इन साथ शतकों की मदद से विराट कोहली ने वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।

पहले मैच में पूरे किए थे 28000 हजार रन

सीरीज के पहले वनडे मैच में विराट कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 28000 रन पूरे किए। कोहली ने श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा को पीछे छोड़ था। मैच से पहले, भारतीय दिग्गज को 28000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए 25 रनों की और संगकारा को पीछे छोड़ने के लिए 42 रनों की जरूरत थी।

उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ रन चेज के 13वें ओवर में पहला मील का पत्थर हासिल किया और फिर 19वें ओवर में दूसरा रिकॉर्ड पूरा किया। विराट 93 रन बनाकर आउट हो गए थे। भारत ने 300 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक मुकाबले में चार विकेट से जीत दर्ज की थी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article