IND vs NZ: विराट कोहली ने पूरे किए 28 हजार अंतरराष्ट्रीय रन, तोड़ा सचिन तेंदुलकर का विश्व रिकॉर्ड
- Authored by: उमेश कुमार
- Updated Jan 11, 2026, 08:09 PM IST
Virat Kohli International Run: कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 28000 रन पूरे किए और इसके तुरंत बाद श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी संगकारा को पीछे छोड़ दिया। मैच से पहले, भारतीय दिग्गज को 28000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए 25 रनों की और संगकारा को पीछे छोड़ने के लिए 42 रनों की जरूरत थी। वहीं, एक अन्य मामले में विराट ने सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 28 हजार रन।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विराट कोहली ने रविवार, 11 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए। वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस सीरीज के पहले मैच में भारतीय दिग्गज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। साथ ही श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया। वहीं, सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 28000 रन पूरे किए और इसके तुरंत बाद श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी संगकारा को पीछे छोड़ दिया। मैच से पहले, भारतीय दिग्गज को 28000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए 25 रनों की और संगकारा को पीछे छोड़ने के लिए 42 रनों की जरूरत थी। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ रन चेज के 13वें ओवर में पहला मील का पत्थर हासिल किया और फिर 19वें ओवर में दूसरा रिकॉर्ड पूरा किया।
सबसे ज्यादा रन बनाने वाल बल्लेबाज
सचिन तेंदुलकर - 34,357 (782 पारियां)
विराट कोहली - 28,017* (624 पारियां)
कुमार संगकारा - 28,016 (666 पारियां)
कोहली ने सचिन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा
इस बीच, कोहली ने सीरीज के पहले मैच में सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28000 रन बनाने वाले सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 624 पारियों में हासिल की और दिग्गज तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने यह कारनामा 644 पारियों में किया था। वहीं, संगकारा ने 666 पारियों में 28000 रन बनाए।
सबसे तेज 28000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले:-
1 - विराट कोहली: 624 पारियां
2 - सचिन तेंदुलकर: 644 पारियां
3 - कुमार संगकारा: 666 पारियां
सौरव गांगुली को छोड़ा पीछे
इसके अलावा विराट कोहली ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। विराट कोहली लगभग 18 साल के करियर में अब भारत के लिए सर्वाधिक वनडे मैच खेलने वाले टॉप-5 भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। विराट कोहली ने 309वां वनडे मैच खेलने उतरे। इसके चलते विराट ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया। गांगुली ने भारत के लिए 308 वनडे मैच खेले हैं।
गजब की फॉर्म में हैं विराट कोहली
37 साल के विराट कहोली ने इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैच की सीरीज में उम्दा प्रदर्शन किया था। विराट ने पहले और दूसरे वनडे मैच में शतकीय पारी खेली थी। वहीं, तीसरे और आखिरी वनडे मैच में नाबाद शतक जड़ा था। विजय हजारे ट्रॉफी में आंध्रा के खिलाफ शतक और गुजरात के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी।
शतकों का बनाया है वर्ल्ड रिकॉर्ड
विराट ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट और साल 2024 में टी20I क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वह फिलहाल वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं। साल 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विराट वनडे क्रिकेट में अब तक कुल 53 शतक और 77 अर्धशतक जड़ चुके हैं। वनडे में सबसे ज्यादा शतक बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड विराट के नाम है।