क्रिकेट

फट गई हैं घुटने के पीछे की मांसपेशियां, विराट की हेल्थ पर आया बड़ा अपडेट

​Virat Kohli Health Update: स्कैन से पता चला है कि विराट कोहली की डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन फट गई है। डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन घुटने के ठीक पीछे की मांसपेशी होती है। यह एक दुर्लभ चोट है जो घुटने के नीचे मांसपेशियों को पिंडली की हड्डी के अंदरूनी हिस्से से जोड़ने वाली नसों को प्रभावित करती है।

Image

विराट कोहली (ICC/BCCI)

Virat Kohli Health Update: टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले बड़ा झटका लगा है। सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण 13 जून से शुरू हो रही तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। कोहली को यह चोट हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान लगी थी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, 'कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। स्कैन से पता चला है कि उनकी डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन फट गई है।' डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन घुटने के ठीक पीछे की मांसपेशी होती है। यह एक दुर्लभ चोट है जो घुटने के नीचे मांसपेशियों को पिंडली की हड्डी के अंदरूनी हिस्से से जोड़ने वाली नसों को प्रभावित करती है।

फिटनेस के लिए जाने जाते हैं विराट

37 साल के कोहली अपनी जबरदस्त फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। उनके लिए चोट के कारण कोई सीरीज मिस करना बेहद कम होता है। आईपीएल 2026 में कोहली शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में नाबाद अर्धशतक जड़कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया था। पूरे सीजन में कोहली ने 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 675 रन बनाए थे।

सीरीज का शेड्यूल और रोहित पर सस्पेंस

अफगानिस्तान के खिलाफ पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला, दूसरा 17 जून को लखनऊ और तीसरा 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। कोहली के बाहर होने से सीरीज की चमक फीकी पड़ गई है। टेस्ट से संन्यास ले चुके कोहली अब सिर्फ वनडे खेलते हैं, लेकिन आज भी वो सबसे बड़े मैच विनर हैं।कोहली के साथ-साथ कप्तान रोहित शर्मा के खेलने पर भी सवाल हैं। आईपीएल के दौरान रोहित की जांघ में भी खिंचाव आ गया था और वो कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें फिटनेस टेस्ट के बाद ही टीम में जगह दी गई है। कोहली और रोहित दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट छोड़ दिया था। अब दोनों का फोकस सिर्फ वनडे पर है। अगला वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर 2026 में साउथ अफ्रीका में होना है। दोनों दिग्गजों का उस टीम में सेलेक्शन उनकी फॉर्म और फिटनेस पर ही टिका है। अफगानिस्तान सीरीज के बाद टीम इंडिया 14 जुलाई से इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे खेलेगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article