क्रिकेट

IND vs NZ: शतक लगाने के बाद केएल राहुल बोले, मिडिल ऑर्डर में हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी

IND vs NZ 1st Test, KL Rahul Statement: वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड के पहली पारी में बनाए 368 रनों के जवाब में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने करारा जवाब दिया और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 486 रन बना लिए। इसमें सबसे बड़ी भूमिका केएल राहुल की रही जिन्होंने 136 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने के बाद राहुल ने कुछ दिलचस्प चीजें बताईं।

Image

केएल राहुल (X/BCCI)

IND vs NZ: भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना है कि उनके करियर के मुश्किल दौर में तकनीक कभी समस्या नहीं थी और उन्हें सही दृष्टिकोण अपनाने और हर गेंद पर खेलने के प्रलोभन से बचने के कारण हाल में सफलता मिली। राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 290 गेंदों पर 136 रन की पारी खेली जो उनका 13वां टेस्ट शतक है। इस शतक से वह सेना (SENA - (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने। उनकी पारी की बदौलत भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 486 रन बनाकर 118 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

राहुल का बल्लेबाजी क्रम में कोई स्थान पक्का नहीं रहा। कभी उन्हें मध्यक्रम में खेलना पड़ा तो कभी पारी की शुरुआत करनी पड़ी। उन्होंने स्वीकार किया कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते समय उन्हें लगभग हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी, जो तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकती है।

राहुल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, "तकनीक कभी कोई मुद्दा नहीं रही। 15 महीने तक मध्यक्रम में खेलते हुए मुझे प्रत्येक गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी। तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में बल्ले और गेंद के बीच कम संपर्क रखना सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।"

रिकॉर्ड पर क्या बोले केएल राहुल?

यह शतक राहुल के लिए विशेष महत्व रखता था, क्योंकि वह उन कुछ भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए है जिन्होंने चारों 'सेना' देशों में टेस्ट शतक बनाए हैं। राहुल ने कहा, "इस तरह की उपलब्धि हासिल करके बहुत अच्छा लगता है। मैं करीब तीन सप्ताह से यहां हूं और भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था लेकिन मैंने नेट पर काफी समय बिताया। जब आप कड़ी मेहनत करते हैं, तो उसका परिणाम प्रदर्शन में दिखाई देता है।"

71 मैचों का करियर, लेकिन न्यूजीलैंड में पहली बार

दिलचस्प बात यह है कि राहुल का अपने 71 मैचों के करियर में न्यूजीलैंड में यह पहला टेस्ट मैच था लेकिन उन्होंने कहा कि वह इस मौके को लेकर बहुत ज्यादा उत्तेजित या उत्साहित नहीं थे। उन्होंने कहा, "मैं कभी उत्तेजित नहीं होता। यह एक ऐसा अवसर था जिसे मैं खोना नहीं चाहता था। जब आप इतने लंबे समय तक टेस्ट मैच खेलते हैं तो आपको सर्वश्रेष्ठ आक्रमण के सामने खुद को परखने का मौका मिलता है।"

न्यूजीलैंड में सफल रहे बल्लेबाजों के वीडियो देखे

राहुल ने परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने पर ध्यान दिया और न्यूजीलैंड में सफल होने वाले खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे। उन्होंने कहा, "जब मैं नेट पर अभ्यास के लिए गया तो मेरा ध्यान किसी खास चीज पर नहीं था। मैंने बस बहुत सारी गेंदें खेलीं ताकि यह समझ सकूं कि सफल होने के लिए मुझे किस तरह का गार्ड लेना है और कैसी पोजीशन अपनानी चाहिए। मैंने उन खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे जिन्होंने पहले न्यूजीलैंड में रन बनाए थे।"

पिच खुरदुरी बनती जा रही है

राहुल ने कहा कि वेलिंगटन की पिच स्पिनरों को मदद पहुंचा रही है। गेंदें नीची रहने लगी हैं और पिच खुरदुरी बनती जा रही है। उन्होंने कहा, "गेंद नीची रहेगी और पिच पर कुछ खुरदुरे पैच बन रहे हैं। खेल आगे बढ़ने के साथ यह बड़े हो सकते हैं। हम उम्मीद करेंगे कि पिच और खराब हो, लेकिन तब नहीं जब हम बल्लेबाजी कर रहे हों।"

यशस्वी जायसवाल की जमकर तारीफ

राहुल ने अपने सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल की विशेष रूप से प्रशंसा की, जिनके साथ उन्होंने 130 रन की साझेदारी की। उन्होंने कहा, "जायसवाल काफी मेहनत करता है। आक्रामक बल्लेबाज बनने के लिए उसने बहुत मेहनत की है। यह संयोग से नहीं होता। मैदान के बाहर भी हमारे बीच अच्छे संबंध है जिससे हमें खेलते समय मदद मिलती है।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article