क्रिकेट

विराट के बचपन के कोच ने वैभव सूर्यवंशी को स्पेशल टैलेंट बताते हुए दी अहम सलाह

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने आईपीएल 2026 में धमाल मचाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को अहम सलाह दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: सुपरस्टार विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की टी20 प्रारूप में दुर्लभ प्रतिभा के रूप में सराहना करते हुए उनसे अपने खेल में कोई बदलाव नहीं करने का आग्रह किया। पंद्रह वर्षीय खिलाड़ी सूर्यवंशी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का दूसरा सत्र शानदार रहा और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 776 रन के साथ वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। इस प्रदर्शन से उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की बातें तेज हो गई हैं।

असाधारण प्रतिभा हैं वैभव सूर्यवंशी

शर्मा ने पीटीआई से कहा, 'वह नि:सदेह एक असाधारण प्रतिभा है। वह जिस तरह से इस आईपीएल में खेला, वह उल्लेखनीय है। जिस तरह से उसने सभी प्रथम श्रेणी, अंतरराष्ट्रीय और विश्व स्तरीय गेंदबाजों की धुनाई की है, वह सराहनीय है और मुझे कहना होगा कि वह एक विशेष प्रतिभा है। वैभव बहुत अच्छा खेलता है। वह जिस तरह का निर्भीक क्रिकेट खेलता है, उसने जिस तरह से विश्व स्तरीय गेंदबाजों की धुनाई की है, वह सराहनीय है। जिस तरह से उसने छक्के मारे हैं, वह अविश्वसनीय है, टी20 क्रिकेट के लिए वह शानदार है।'

खेल के तरीक कुछ भी मत बदलो

जब शर्मा से पूछा गया कि एक कोच के रूप में वह उन्हें क्या सलाह देना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा,'वह टी20 खेल रहा है इसलिए मैं कहूंगा कि कुछ भी मत बदलो। बस जाओ और ऐसे ही खेलो, जैसे तुम खेल रहे हो। जबरदस्त क्रिकेट खेल रहे हो, गेंद को मारते रहो और लोगों का मनोरंजन करते रहो। जहां तक टेस्ट क्रिकेट खेलने की बात है तो मैंने उसे इतना नहीं देखा है कि यह बता सकूं कि वह कितना परिपक्व है, वह अपना खेल कैसे बदल सकता है, वह गेंद को ऑफ स्टंप के बाहर कैसे छोड़ सकता है या वह स्विंग गेंदबाजी कैसे खेल सकता है। लेकिन अभी मैं चाहता हूं कि वह जिस तरह से खेल रहा है, उसे जारी रखे।'

विराट कोहली बनाम वैभव सूर्यवंशी?

जब उनसे उनके शिष्य कोहली के 15 साल की उम्र में क्रिकेट खेलने के तरीके और सूर्यवंशी के बीच तुलना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,'मैं लोगों की तुलना करने में विश्वास नहीं करता। विराट ने पिछले 18 वर्षों में जो किया है, मेरा मतलब है कि यह एक बहुत लंबी अवधि है जब वह इतने निरंतर रहे हैं। लेकिन वैभव को देखकर लगता है कि वह बहुत प्रतिभाशाली लड़का है। लेकिन हमने उसे केवल इसी प्रारूप में खेलते हुए देखा है। हमने अभी तक उसे बड़े प्रारूपों में खेलते हुए नहीं देखा है।विराट (सूर्यवंशी से) एक अलग खिलाड़ी हैं। वह अब महान खिलाड़ी हैं जो उन्होंने कई मैच जीतकर साबित किया है। किसी भी भारतीय ने भारत के लिए इतने मैच नहीं जीते हैं जितने विराट ने जीते हैं और यही कारण है कि उन्हें इतना प्यार किया जाता है। यहां हम एक उभरते सितारे (सूर्यवंशी) को देख रहे हैं और हम वास्तव में उसे आगे बढ़ते हुए देखना पसंद करेंगे।' सूर्यवंशी की फिटनेस पर उन्होंने कहा,'फिटनेस आ जाएगी। वह अब भी बच्चा है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article