अहमदाबाद: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद के सपाट विकेट पर फॉर्म में लौटते ही विराट कोहली ने रिकॉर्ड तोड़ने का सिलसिला फिर शुरू कर दिया। तीसरे दिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंद में 5 चौकों की मदद से करियर का 29वां और मौजूदा सीरीज में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। अहमदाबाद में विराट जिस लय में दिख रहे हैं उससे लग रहा है कि वो साढ़े तीन साल से चले आ रहे टेस्ट शतक के सूखे को खत्म करने में सफल रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन
विराट कोहली ने अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में पूर्व दिग्गज ब्रायन लारा को पीछे छोड़कर दूसर पायदान पर आ गए हैं। ब्रायन लारा ने कंगारुओं के खिलाफ 4714 रन बनाए थे। विराट के नाम उनसे ज्यादा रन(4715*) अब हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने कंगारुओं के खिलाफ करियर में कुल 6,707 रन बनाए थे।
घरेलू सरजमीं पर भारत के पांचवें चार हजारी
विराट ने अहमदाबाद की अर्धशतकीय पारी के दौरान घरेलू सरजमीं पर 4 हजार टेस्ट रन भी पूरे कर लिए। विराट ने घर पर 50वां टेस्ट खेलते हुए लगभग 59 के औसत से ये उपलब्धि हासिल की है। घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में विराट कोहली सचिन तेंदुलकर(7216), राहुल द्रविड़(5598), सुनील गावस्कर(5067) और वीरेंद्र सहवाग(4656) के बाद पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं।
