एंटिगा: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला टी20 विश्व कप 2024 में पहली बार अपने रंग में नजर आया लेकिन इसके बावजूद विराट बड़ी पारी नहीं खेल पाए। विराट कोहली 28 गेंद पर 37 रन बनाकर तंजीम हसन शाकिब की गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। विराट ने उनकी गेंद पर बाहर निकलकर स्ट्रेट शॉट खेलने की कोशिश लेकिन चूक गए और गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी और विराट की पारी का अंत हो गया। विराट ने अपनी पारी के दौरान एक चौके और तीन छक्के जड़े।
विश्व कप में 3 हजार रन बनाने वाले पहले प्लेयर
विराट कोहली भले ही 37 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इस पारी के दौरान उन्होंने एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली जो दुनिया में और कोई बल्लेबाज आज तक नहीं कर सका। विराट टी20 और वनडे विश्व कप में साझा रूप से 3000 रन के आंकड़े को पार करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।
दोनो फॉर्मेट के विश्व कप में विराट ने मचाया है धमाल
विराट कोहली ने टी20 विश्व कप में खेले 32 मैच की 30 पारियों में 63.52 के औसत और 129.78 के स्ट्राइक रेट से 1207 रन बनाए हैं। जिसमें 14 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं वनडे विश्व कप में विराट कोहली के नाम 37 मैच की 37 पारियों में 5 शतक और 12 अर्धशतक की मदद से 1795 रन दर्ज हैं। उनके खाते में विश्व कप में कुल मिलाकर 3002 रन हो गए हैं।
रोहित हैं दूसरे पायदान पर
विराट कोहली के बाद इस सूची में दूसरे पायदान पर 2,637 रन के साथ रोहित शर्मा और 2,502 रन के साथ तीसरे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं। चौथे पायदान पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 2,278 रन के साथ हैं जिन्होंने कभी भी टी20 विश्व कप में शिरकत नहीं की। वहीं पांचवें नंबर पर श्रीलंका के कुमार संगकारा 2,193 रन के साथ काबिज हैं।
