क्रिकेट

Vijay Hazare Trophy: शमी की शानदार गेंदबाजी के बावजूद हारा बंगाल, पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा राजस्थान

मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी के बावजूद बंगाल को हरियाणा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। वहीं राजस्थान की टीम तमिलनाडु को मात देकर पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गई है।

Image

मोहम्मद सिराज (BCCI Domestic)

वडोदरा: सलामी बल्लेबाज अभिजीत तोमर के शानदार शतक की बदौलत राजस्थान ने बृहस्पतिवार को विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार तमिलनाडु पर जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। तोमर ने कोटाम्बी स्टेडियम में 125 गेंद में 111 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान महिपाल लोमरोर (49 गेंद में 60 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 160 रन की भागीदारी निभायी। इसके बावजूद राजस्थान की टीम 47.3 ओवर में 267 रन पर सिमट गई।

वरुण चक्रवर्ती ने झटके पांच विकेट

तमिलनाडु और भारत के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाड़ियों को परेशान करते हुए पांच विकेट झटके लेकिन टीम को जीत दिलाने के लिए सिर्फ उनका ही प्रदर्शन काफी नहीं था। चक्रवर्ती (22 गेंद में 18 रन) ने बल्ले से भी योगदान दिया क्योंकि दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे और वह आउट होने वाले अंतिम खिलाड़ी रहे जिससे तमिलनाडु की टीम 47.1 ओवर में 248 रन पर ढेर हो गई। राजस्थान के तेज गेंदबाज अमन सिंह शेखावत (58 रन देकर तीन विकेट) ने चक्रवर्ती का विकेट झटका। राजस्थान की टीम रविवार को होने वाले क्वार्टरफाइनल में विदर्भ से भिड़ेगी।

विजेता टीम के लिए निश्चित रूप से तोमर स्टार रहे जो नयी गेंद से शुरू में जूझने के बाद लिस्ट ए में अपना चौथा शतक जड़ने में कामयाब रहे जिसमें 12 चौके और चार छक्के जड़े थे। उन्होंने अपना शतक 30वें ओवर में एक रन बनाकर लगाया।

हरियाणा ने बंगाल को रौंदा

वहीं मोतीबाग क्रिकेट मेदान पर हरियाणा ने पार्थ वत्स (62 रन) और निशांत संधू (64 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन से बंगाल को 72 रन से शिकस्त दी। इन दोनों ने अर्धशतक जड़ने के बाद दो दो विकेट भी झटके। एसपी कुमार ने निचले क्रम में अच्छा योगदान देकर टीम को 50 ओवर में नौ विकेट पर 298 रन बनाने में मदद की।

शमी ने झटके तीन विकेट

मोहम्मद शमी टूर्नामेंट में अपना तीसरा मैच खेल रहे हैं, उन्होंने तीन विकेट चटकाये लेकिन बंगाल की टीम लक्ष्य का पीछा करने में विफल रही और 43.1 ओवर में 226 रन पर सिमट गई। हरियाणा शनिवार को होने वाले क्वार्टरफाइनल में गुजरात से भिड़ेगा। दो अन्य क्वार्टरफाइनल कर्नाटक और बड़ौदा तथा महाराष्ट्र और पंजाब के बीच खेले जायेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article