Varun Chakravarthy record: भारतीय टीम के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए मंगलवार, 28 जनवरी को इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे टी20 मैच में 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका दूसरा 5-विकेट हॉल है। इसके साथ ही वह कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार के बाद ऐसा कारनामा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए।
राजकोट में इंग्लिश बल्लेबाजों पर वरुण का कहर
वरुण ने इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों जोस बटलर, जेमी स्मिथ, जेमी ओवर्टन, ब्राइडन कार्स और जोफ्रा आर्चर को पवेलियन भेजा। उनकी इस घातक गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड की टीम बैकफुट पर आ गई। वरुण ने अपनी गेंदबाजी से मैच के दौरान इंग्लिश बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।
ऐसे गिराए इंग्लैंड के विकेट
वरुण ने पावरप्ले के बाद गेंदबाजी संभाली, जब बेन डकेट भारतीय गेंदबाजों पर आक्रमण कर रहे थे। उन्होंने बटलर को शानदार गेंद पर आउट किया, जिसमें संजू सैमसन के रिव्यू की भी अहम भूमिका रही। इसके बाद जेमी स्मिथ को छक्का मारने के बाद वरुण ने आउट किया। जेमी ओवर्टन को अगली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड कर उन्होंने हैट्रिक की उम्मीदें जगा दीं।
वरुण ने अपने आखिरी ओवर में कार्स को डीप में कैच कराया और जोफ्रा आर्चर को अपनी रहस्यमयी गेंद पर चकमा देकर 5 विकेट पूरे किए। उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट झटके।
श्रृंखला में रिकॉर्ड प्रदर्शन
वरुण चक्रवर्ती ने इस श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड भी बना दिया। वह भारत और इंग्लैंड के बीच द्विपक्षीय टी20 श्रृंखला में 10 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।वरुण ने पहले टी20 में 3 विकेट और चेन्नई में खेले गए दूसरे मैच में 2 विकेट झटके थे। उनका यह प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए बड़ी ताकत साबित हुआ है।
भारत की गेंदबाजी में नया सितारा
वरुण चक्रवर्ती ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। उनकी रहस्यमयी गेंदबाजी न केवल बल्लेबाजों को परेशान करती है, बल्कि टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाती है।
