क्रिकेट

भारत-जापान टी20 मैच शुरू होने से पूर्व राष्ट्रगान से पहले बजाया गया वंदे मातरम्, टीम इंडिया ने मैच जीता

Vande Mataram Ahead Of National Anthem Before India vs Japan T20 Match: भारत और जापान के बीच खेले गए एकमात्र ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम् बजाया गया। इस टी20 मैच को बारिश से विलंब के कारण 5-5 ओवर का करना पड़ा। जापान ने अपने प्रदर्शन से दिल जीते, लेकिन भारत ने अंतिम ओवर में मैच 2 रन से जीता।

Image

भारत-जापान टी20 मैच से पहले वंदे मातरम् को राष्ट्रगान से पहले बजाया गया (X/BCCI)

विदेशी सरजमीं पर पहली बार किसी क्रिकेट मैच से पहले ’वंदे मातरम्’ बजाया गया। भारत और जापान के बीच मंगलवार को यहां सानो अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ऐतिहासिक एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के शुरू होने से पहले राष्ट्रगान से पूर्व राष्ट्रीय गीत ’वंदे मातरम्’ बजाया गया।

भारत के 13 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी खेल शुरू होने से पहले भारतीय राष्ट्रगान से पूर्व ’वंदे मातरम्’ बजाया गया था। किसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में यह इस तरह का पहला अवसर था।

गृह मंत्रालय ने इस साल छह फरवरी को जारी दिशानिर्देशों में राष्ट्रीय गीत के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में ’वंदे मातरम्’ के गायन को अनिवार्य किए जाने की बात कही थी। इस बीच भारत और जापान के बीच पहली बार खेला जा रहा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला गीले आउटफील्ड के कारण पांच-पांच ओवर प्रति पारी का कर दिया गया।

इस ऐतिहासिक मैच भारतीय टी20 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। धीमी पिच पर पहली ही गेंद पर टर्न देखने को मिली। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। दूसरे ओवर में संजू सैमसन, तीसरे ओवर में ईशान किशन पवेलियन लौट गए। भारत ने अपने पहले तीन विकेट 14 के स्कोर पर गंवा दिए थे। यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने 16 रन की पारी खेल टीम को 30 के पार पहुंचाया। आखिरी ओवर में श्रेयस भी आउट हो गए। भारत ने पांच ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 32 रन बनाए और जापान को 33 रन का टारगेट दिया।

टारगेटा का पीछा करने उतरी जापान की टी20 टीम को भी पहले ही ओवर में झटका लगा। जब ईशान किशन ने सटीक थ्रो करते हुए जापानी बल्लेबाज को रन आउट किया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने दूसरे ओवर में विकेट निकाल जापान का स्कोर 7 रन पर दो विकेट कर दिया। जापान ने 25 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवाया। आखिरी ओवर में जापान को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। हालांकि, अक्षर पटेल ने पांच रन देते हुए कसी हुई गेंदबाजी की और मैच भारत की झोली में डाल दिया। भारत ने 2 रन से जीत दर्ज की।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article