लाइफस्टाइल

Children's Day Special: बच्चों को दें अपने हाथों से बना ग्रीटिंग कार्ड, घर पर आसानी से तैयार करें ये 2 खूबसूरत DIY डिजाइन

चिल्ड्रन्स डे पर बच्चों को खास महसूस कराने के लिए महंगे गिफ्ट की जरूरत नहीं है। रंगीन कागज, गोंद और कैंची की मदद से घर पर खूबसूरत ग्रीटिंग कार्ड बना सकते हैं। जानिए दो आसान और क्रिएटिव DIY कार्ड आइडियाज।

Image

Happy Childrens day greeting card ideas

Children's Day Greeting Card Ideas: 14 नवंबर यानी चिल्ड्रन्स डे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उन्हें प्यार जताने का खास मौका है। इस दिन ज्यादातर लोग बच्चों के लिए खिलौने, चॉकलेट और दूसरे गिफ्ट खरीदते हैं, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग करना चाहते हैं, तो अपने हाथों से बना ग्रीटिंग कार्ड उन्हें दे सकते हैं। हाथ से तैयार किया गया कार्ड सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं होता, बल्कि उसमें आपकी मेहनत, प्यार और क्रिएटिविटी भी शामिल होती है।

सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको महंगे सामान या किसी खास कला की जरूरत नहीं है। क्राफ्ट्स टैलेंट के वायरल वीडियो के मुबातिक घर में रखे रंगीन कागज, कैंची, गोंद और स्केच पेन से सुंदर कार्ड तैयार किए जा सकते हैं। अगर आप भी बच्चों के लिए कुछ प्यारा और यादगार बनाना चाहते हैं, तो ये दो DIY ग्रीटिंग कार्ड आइडियाज जरूर ट्राई करें। इन्हें बनाना आसान है और इनकी खूबसूरती बच्चों को जरूर पसंद आएगी।

बैलून पॉप-अप कार्ड

अगर आप ऐसा कार्ड बनाना चाहते हैं, जिसे खोलते ही बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आ जाए, तो बैलून पॉप-अप कार्ड एक अच्छा आइडिया है। इसके लिए आपको रंगीन क्राफ्ट पेपर, गोंद, कैंची और स्केच पेन की जरूरत होगी।

सबसे पहले अपनी पसंद के रंग का एक पेपर लें और उसे बीच से मोड़कर कार्ड का आकार दें। अब अलग-अलग रंगों के कागज से छोटे-छोटे गुब्बारे काट लें। इसके बाद कार्ड के अंदर बीच में एक छोटा-सा फोल्ड बनाया जाता है, जो पॉप-अप बेस की तरह काम करेगा।

इस फोल्ड पर गुब्बारों को सावधानी से चिपकाएं। ध्यान रखें कि कार्ड बंद करने पर गुब्बारे अंदर की तरफ मुड़ जाएं और खोलने पर ऊपर उठें। अब स्केच पेन से गुब्बारों की डोरियां बनाएं। कार्ड के सामने बड़े और सुंदर अक्षरों में 'Happy Children's Day' लिखें। आपका रंगीन सरप्राइज कार्ड तैयार है।

फोल्डिंग फ्लावर कार्ड

फूलों वाला ग्रीटिंग कार्ड देखने में बेहद प्यारा लगता है और इसे बनाना भी आसान है। इसके लिए सफेद और गुलाबी क्राफ्ट पेपर, स्केच पेन और सजावटी टेप या रिबन की जरूरत होगी।

सबसे पहले सफेद कागज से एक सुंदर फोल्डिंग कार्ड या लिफाफे जैसा आकार तैयार करें। अब गुलाबी और दूसरे रंगों के कागज से छोटे-छोटे फूल और पत्तियां काट लें। इन्हें कार्ड के सामने वाले हिस्से पर अपनी पसंद के डिजाइन में चिपकाएं। चाहें तो फूलों से चारों तरफ एक खूबसूरत बॉर्डर भी बना सकते हैं।

कार्ड के अंदर बच्चों के लिए एक प्यारा संदेश लिखें। जैसे, 'तुम्हारी मुस्कान हमेशा ऐसी ही बनी रहे' या 'खूब खेलो, खूब सीखो और अपने सपनों को पूरा करो।' स्केच पेन से छोटी-छोटी सजावट और बॉर्डर बनाकर कार्ड को और आकर्षक बना सकते हैं।

जरूर ही इस चिल्ड्रन्स डे आपको ये वाले ग्रीटिंग कार्ड आइडियाज ट्राय करने ही चाहिए।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article