क्रिकेट

IPL 2026 के आगाज से पहले वैभव सूर्यवंशी ने भरी हुंकार, बताया क्या है उनका अगला लक्ष्य?

वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को बीसीसीआई के सालाना पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान हुंकार भरते हुए कहा कि राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल ट्रॉफी जीतना है उनका अगला लक्ष्य। जानिए उन्होंने और क्या कहा?

Image

वैभव सूर्यवंशी(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: अंडर-19 विश्व कप विजेता और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनका लक्ष्य इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए ट्रॉफी जीतना है। सिर्फ 14 साल की उम्र में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले इस बल्लेबाज ने आईपीएल 2025 में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। इस साल अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 80 गेंद में 175 रन की पारी ने भारत को रिकॉर्ड छठा खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अब उनका पूरा ध्यान आईपीएल पर है।

आईपीएल ट्रॉफी जीतना है मेरा लक्ष्य

सूर्यवंशी ने रविवार को यहां बीसीसीआई नमन पुरस्कारों के दौरान ’स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा,'इस आईपीएल सत्र में मेरा लक्ष्य टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण है। मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं ताकि मेरी पारी से पूरी टीम को फायदा मिले। मेरा उद्देश्य राजस्थान रॉयल्स की जीत में योगदान देना और फ्रेंचाइजी के लिए ट्रॉफी जीतना है।' अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्यवंशी ने पुरस्कार समारोह में अपने विश्व कप विजेता साथियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा, 'बहुत अच्छा लग रहा है। विश्व कप में भारत के लिए ट्रॉफी भी जीती। इस पुरस्कार समारोह की वजह से यहां अपने साथियों और कोचों से फिर से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है।'

राजस्थान रॉयल्स की स्काउटिंग टीम रखे थी नज़र

सूर्यवंशी आईपीएल अनुबंध पर हस्ताक्षर करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे। राजस्थान रॉयल्स ने 2024 में 13 वर्षीय इस खिलाड़ी को 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स की स्काउटिंग टीम काफी समय से उन पर नजर रख रही थी। उन्होंने कहा,'जब मैंने घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया, तब से राजस्थान रॉयल्स मेरे घरेलू और अंडर-19 मैच पर नजर रख रही थी। उनकी स्काउटिंग टीम काफी समय से मुझे देख रही थी। मेरा ट्रायल उनके साथ बहुत अच्छा गया था इसलिए मुझे लगा कि मैं राजस्थान रॉयल्स के साथ जा सकता हूं।' उन्होंने आगे कहा,'मैं राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलकर खुश हूं क्योंकि यहां खेलते हुए मेरे जीवन में भी काफी सुधार आया है।'

राहुल सर से बहुत कुछ सीखने को मिला

सूर्यवंशी ने यह भी बताया कि उन्होंने दिग्गज राहुल द्रविड़ और टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा,'किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए पहला आईपीएल शिविर हमेशा दिलचस्प होता है और मेरे साथ भी ऐसा ही था। उस समय राहुल द्रविड़ सर वहां थे इसलिए मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। टीम में कई वरिष्ठ खिलाड़ी थे और पहले शिविर के साथ-साथ पहले आईपीएल में भी उनसे काफी सीखने का अनुभव मिला।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article