स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Vaibhav Sooryavanshi World Record: इंडिया ए के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई नेशन सीरीज के फाइनल मुकाबले में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से महफिल लूट ली। पिछले चार मैच से खामोश वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में तबाही मचा दी। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि, अन्य विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गए।
ट्राई नेशन ए वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए के सामने इंडिया ए की चुनौती है। दांबुला में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की तरफ से ओपनिंग करने आए वैभव सूर्यवंशी ने धमाका करते हुए इतिहास रच दिया। पिछली बार जब श्रीलंका और इंडिया ए टीम आमने-सामने हुई थीं तब वैभव पर स्लेजिंग की गई थी। वैभव ने इसका करारा जवाब दिया।
जितने छक्के उतने ही चौके
वैभव ने 11 गेंद पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। यह लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का विश्व रिकॉर्ड रहा। उन्होंने कौशल्या वीररत्ने के 21 साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। एक समय वह सबसे तेज शतक जड़ने की तरफ आगे बढ़ रहे थे। हालांकि, वह ऐसा नहीं कर सके।
लिस्ट ए के इतिहास में अब तक के सबसे तेज अर्धशतक
- वैभव सूर्यवंशी- 11 गेंद (2026)
- कौशल्या वीररत्ने- 12 गेंद (2005)
- एनएलटीसी परेरा- 13 गेंद (2022-21)
- आरके क्लेनवेल्ड्ट- 14 गेंद (2010-11)
शतक बनाने से चूके वैभव
शतक की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहे वैभव की पारी पर सहान अराचिगे ने ब्रेक लगा दी। वैभव 29 गेंद पर 94 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 8 छक्के जड़े। इसके अलावा प्रियांश आर्य के साथ पहले विकेट के लिए 9 ओवर में 132 रन की साझेदारी की।
