स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Harmanpreet Kaur World Record: महिला टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-A के अहम मुकाबले में ओल्ड ट्रैफर्ड में साउथ अफ्रीका के सामने भारत की चुनौती है। मुकाबला आज भारतीय समायनुसार, शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस मैच में मैदान पर उतरते ही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगी। वह 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वालीं पहली महिला खिलाड़ी बन जाएंगी।
हरमनप्रीत कौर ने 17 साल पहले इंग्लैंड में 2009 T20 वर्ल्ड कप में अपना T20I डेब्यू किया था और मैनचेस्टर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वह यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर लेंगी। भारत के बॉलिंग कोच आविष्कार साल्वी ने कप्तान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने आस-पास के खिलाड़ियों के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
अफ्रीका दे सकती है कड़ी चुनौती
इतने लंबे समय से खेल रही हरमनप्रीत कौर से साउथ अफ्रीका की टीम अच्छी तरह वाकिफ हैं कि वह अब भी कितना बड़ा खतरा बन सकती हैं। खासकर ऑलराउंडर क्लो ट्रायन, जो विमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस में उनकी टीम की साथी रही हैं, लेकिन अब इंटरनेशनल लेवल पर उनकी प्रतिद्वंद्वी हैं। दक्षिण अफ्रीका की टीम मैनचेस्टर लौट रही है। इसी मैदान पर अपने पहले मैच में उन्हें ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उन्होंने एजबेस्टन में पाकिस्तान को एक कड़े मुकाबले में हराया था।
घरेलू सीरीज में जीत का मिल सकता है फायदा
वहीं, भारत ने अब तक अपने दोनों मैच जीते हैं और पाकिस्तान तथा नीदरलैंड को हराया है। हालांकि, आईसीसी महिला T20I टीम रैंकिंग में अपने से दो स्थान ऊपर मौजूद टीम के साथ हालिया मुकाबलों में पांचवें नंबर की टीम दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने घरेलू मैदान पर पांच मैचों की सीरीज में 4-1 से जीत हासिल करते हुए दबदबा बनाया था।
पुराने जख्म का बदला ले सकती है दक्षिण अफ्रीका
साथ ही, ट्रायन सीरीज की जीत से मिली सकारात्मक चीजों का फायदा उठाने और सामने मौजूद चुनौती पर ध्यान केंद्रित करने के बीच संतुलन बनाना चाहती हैं, क्योंकि वे एक तरह से क्वार्टर-फाइनल जैसा मैच खेलने जा रही हैं। महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका का हराकर टीम को गहरा जख्म दिया था। दक्षिण अफ्रीका उस हार का भी बदला लेना चाहेगी।
