क्रिकेट

Uttar Pradesh Premier League 2025: रिंकू सिंह और ऋतुराज ने खेली आतिशी पारी, मेरठ ने लखनऊ को रौंदा

कप्तान रिंकू सिंह की आतिशी अर्धशतकीय और ऋतुराज शर्मा की आतिशी पारी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने लखनऊ फाल्कन्स को 93 रन से रौंदकर दिया और सीजन की चौथी जीत दर्ज की।

Image

मेरठ मावेरिक्स (फोटो क्रेडिट @t20uttarpradesh x)

लखनऊ: मेरठ मावेरिक्स ने उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग 2025 के 20वें मैच में लखनऊ फाल्कन्स को 93 रन से रौंदा। इसी के साथ मावेरिक्स ने सीजन की चौथी जीत हासिल कर ली। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मावेरिक्स 42 के स्कोर तक अक्षय दुबे (2) और माधव कौशिक (5) का विकेट गंवा चुकी थी। यहां से स्वास्तिक चिकारा ने टीम को संभाला। उन्होंने 31 गेंदों में चार छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली। स्वास्तिक 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए। उस वक्त तक टीम 73 रन बना चुकी थी। यहां से कप्तान रिंकू सिंह ने ऋतुराज शर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।

रिंकू सिंह ने खेली 27 गेंद में 57 रन की आतिशी पारी

रिंकू सिंह 27 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में चार छक्के और तीन चौके शामिल रहे, जबकि 'प्लेयर ऑफ द मैच' ऋतुराज शर्मा ने 37 गेंदों में 74 रन की नाबाद पारी खेली। इनके अलावा ऋतिक वत्स ने 8 गेंदों में 35 रन जुटाए। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 233 रन बना दिए। विपक्षी टीम की ओर से भुवनेश्वर कुमार, अक्षत पांडे, विपराज निगम और अभिनंदन सिंह को एक-एक सफलता हाथ लगी।

140 रन पर ढेर हुई लखनऊ फाल्कन्स की टीम

इसके जवाब में लखनऊ फाल्कन्स की टीम 18.2 ओवरों में महज 140 रन पर सिमट गई। टीम 18 के स्कोर पर समर्थ सिंह (11) का विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद प्रियम गर्ग (10), कृतज्ञ सिंह (1) और शोएब (20) भी 48 के स्कोर तक पवेलियन लौट चुके थे। यहां से मोहम्मद सैफ ने समीर चौधरी के साथ पांचवें विकेट के लिए 48 रन जुटाए। सैफ 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि समीर चौधरी ने 25 गेंदों में चार छक्कों और तीन चौकों की मदद से 46 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम के लिए यश गर्ग और जीशान अंसारी ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि विजय कुमार और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article