क्रिकेट

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले खुद उस्मान तारिक ने बताया क्यों हैं उनका एक्शन अजीबोगरीब

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो में होने जा रहा है जब भारत और पाकिस्तान की टीम भिड़ेगी। इस मुकाबसे पहले मिस्ट्री गेंदबाज और अपने अजीबोगरीब एक्शन के लिए सुर्खियां बटोर चुके उस्मान तारिक को लेकर खूब चर्चा है।

Image

उस्मान तारिक (साभार-Instagram)

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार, यानी 15 फरवरी को होने जा रहा है। जितनी चर्चा भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर हो रही है, उससे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान से विवादित एक्शन वाले गेंदबाज उस्मान तारिक को लेकर हो रही है। यहां तक कि नामीबिया के खिलाफ मैच के दौरान भी कामेंटेटर इसी गेंदबाज को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा कर रहे थे। वजह थी उनका यूनिक एक्शन जिसको लेकर खूब चर्चा और विवाद होता रहा है। अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रहे उस्मान ने जिस तरह से दूसरे मुकाबले में गेंदबाजी की है, उसको लेकर चिंता और बढ़ गई है। यूएसए के खिलाफ मैच में उस्मान तारिक ने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

क्यों हो रही है उस्मान की इतनी चर्चा

वर्ल्ड कप से पहले वसीम अकरम ने भी कहा था कि वह पाकिस्तान के लिए एक्स फैक्टर साबित होंगे। लेकिन अब, जब वह एक मैच खेल चुके हैं तो हाईप और बढ़ गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह उनका गेंदबाजी एक्शन और रुककर गेंदबाजी करना है। ऐसा लगता है कि वह बल्लेबाजों को अपनी खास बॉलिंग एक्शन से भ्रम में डालने के लिए ऐसा करते हैं जिसको लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

क्या नियम के खिलाफ है तारिक का एक्शन

तारिक की रुक-रुक कर गेंद फेंकने की शैली को अवैध गेंद कहना या क्रिकेट की भाषा में कहें तो चकिंग कहना क्या सही है, क्योंकि उनके गेंदबाजी एक्शन की दो बार रिपोर्ट की गई लेकिन दोनों मौकौं पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके एक्शन को सही करार दिया। 28 वर्षीय ऑफ स्पिनर के अपरंपरागत गेंदबाजी एक्शन ने पहले ही खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में कुछ खिलाड़ियों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। क्रिकेट के नियमों के अनुसार तारिक के एक्शन को अवैध ठहराना ठीक नहीं है। किसी गेंदबाज के एक्शन को अवैध करार देने के लिए सबसे पहला कारण 15 डिग्री का नियम है।

क्या है 15 डिग्री का नियम?

15 डिग्री नियम के अनुसार गेंदबाज अपनी कोहनी को 15 डिग्री की सीमा से अधिक नहीं मोड़ सकता है जिसका मैदान पर मौजूद अंपायरों के लिए रियल टाइम में सटीक आकलन करना लगभग असंभव है। आसान शब्दों में कहें तो गेंदबाजी करते समय आपका हाथ आपके कंधे से ऊपर होना चाहिए और तारिक ऐसा करते हैं।

कैमरॉन ग्रीन और ब्रेविस ने जताई थी आपत्ति

ऑस्ट्रेलिया के कैमरॉन ग्रीन और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस जैसे खिलाड़ी हैं जो तारिक के गेंदबाजी एक्शन से हैरान रह गए थे। नवंबर में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तारिक की दूसरी ही गेंद पर पावर हिटर ब्रेविस आउट हो गए। लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की 3-0 से जीत के दौरान ग्रीन ने उनकी बाहर जाती एक गेंद को कवर में खड़े क्षेत्ररक्षक के पास पहुंचा दिया और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इस पर ग्रीन ने अविश्वास से अपना सिर हिलाया और बाउंड्री लाइन के पास तारिक के गेंदबाजी एक्शन का मजाक उड़ाया, हालांकि बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी।

तारिक का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर

तारिक का टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। नवंबर में त्रिकोणीय श्रृंखला के दौरान रावलपिंडी में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 18 रन देकर चार विकेट लिए थे जिसमें हैट्रिक भी शामिल है। उन्होंने अब तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 88 गेंदों पर 11 विकेट लिए हैं। जब चयनकर्ताओं ने तारिक को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया तो किसी को हैरानी नहीं हुई क्योंकि वे जानते थे कि श्रीलंका की पिचें तेज गेंदबाजों की तुलना में धीमी गति के गेंदबाजों के लिए अधिक उपयुक्त होंगी।

तारिक ने खुद खोला यूनिक एक्शन का राज

भारत-पाकिस्तान मैच से पहले करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के मन में एक सवाल लगातार उठ रहे हैं कि आखिर उनका बॉलिंग एक्शन ऐसा क्यों है। क्या इसके पीछे कोई रणनीति है या फिर कोई और बात। पाकिस्तान के इस गेंदबाज ने खुद इस रहस्य से पर्दा उठाया।

उन्होंने कहा, ’’मेरी बांह में दो कोहनी हैं। मेरी बांह स्वाभाविक रूप से मुड़ती है। मैंने इसकी जांच करवाई है और रिपोर्ट में यह स्पष्ट है। हर कोई महसूस करता है कि मैं अपनी बांह मोड़ता हूं। मेरी मुड़ी हुई बांह एक जैविक समस्या है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article