क्रिकेट

VIDEO: अमेरिका के गेंदबाज ने फेंकी ऐसी बाउंसर, विकेटकीपर के ऊपर से होकर गई बाउंड्री पार...लेकिन छक्का नहीं, जानिए कितने रन मिले

USA Bowler Ali Khan's Bouncer Gets Viral: अमेरिका क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अली खान ने एक ऐसी गेंद फेंकी है जिसे देखकर सब हैरान रह गए। ये ऐसी बाउंसर थी जो बल्लेबाज के साथ-साथ विकेटकीपर के भी काफी ऊपर से निकलकर सीधे बाउंड्री के बाहर गिरी। लेकिन बैटिंग टीम को छक्का नहीं मिला, यहां जानिए कितने रन मिले, क्या है नियम और देखिए वीडियो।

Image

अली खान की बाउंसर चर्चा का विषय बनी (X/Dinda Academy)

कनाडा में खेली जा रही 'कनाडा सुपर60' (Canada Super60) फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के पहले सेमीफाइनल मैच में एक बेहद अजीब और दुर्लभ वाकया देखने को मिला। टोरंटो सिक्सर्स और मिसिसॉगा मास्टर्स के बीच खेले गए इस मैच में अमेरिकी तेज गेंदबाज अली खान की एक तीखी बाउंसर बल्लेबाज और विकेटकीपर दोनों के सिर के ऊपर से निकलती हुई सीधे बाउंड्री लाइन के पार जा गिरी।

मैदान में मौजूद दर्शक और फैंस गेंद को हवा में बाउंड्री पार जाते देख छक्के का जश्न मनाने लगे। हालांकि, अंपायरों के फैसले के बाद साफ हुआ कि यह छक्का नहीं था। वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड के खाते में कोई रन दर्ज नहीं हुआ, बल्कि अंपायरों ने बैटिंग टीम को 5 रन (वाइड+ 4 B boundary) दिए।

जानिए पूरा मामला

टोरंटो सिक्सर्स की पारी के दौरान गेंदबाज अली खान ने मिसिसॉगा मास्टर्स के लिए गेंदबाजी करते हुए कीरोन पोलार्ड को एक जबरदस्त शॉर्ट-पिच बाउंसर फेंकी। गेंद में गति और उछाल इतना अधिक था कि पोलार्ड ने उस पर कोई शॉट नहीं खेला और उसे छोड़ दिया।

विकेटकीपर ने उछलकर गेंद को रोकने का प्रयास किया, लेकिन गेंद उसके हाथ में आने के बजाय उसके सिर के ऊपर से हवा में उड़ती हुई सीधे बाउंड्री रोप के पार जाकर गिरी। पहली नजर में यह छक्के जैसा दिख रहा था, लेकिन क्रिकेट के आधिकारिक नियमों के तहत इसे 5 रन दिया गया।

क्रिकेट का नियम 19 और 22 क्या कहता है?

एमसीसी (MCC) के आधिकारिक नियमों के अनुसार

1. नियम 19.7.1 (छक्के का नियम): किसी गेंद पर बाउंड्री 6 (छक्का) तभी दिया जाता है, जब गेंद बल्लेबाज के बल्ले (या बल्ले को पकड़े हुए दस्ताने) से टकराकर सीधे मैदान की सीमा (बाउंड्री लाइन) के बाहर हवा में गिरे।

2. नियम 19.7.2 (चौके का नियम): यदि गेंद बल्ले से नहीं टकराती है, चाहे वह हवा में ही बाउंड्री पार क्यों न कर जाए, उसे हमेशा बाउंड्री 4 (चौका) ही माना जाएगा।

3. नियम 22.6 (वाइड का नियम): बल्लेबाज की पहुंच से बाहर अत्यधिक ऊंची या चौड़ी गेंद को 'वाइड' करार दिया जाता है। इसके लिए 1 रन पेनल्टी के रूप में बैटिंग टीम को मिलता है।

गणना: गेंद के बल्ले से न टकराने और बाउंड्री पार जाने पर बाउंड्री के 4 रन मिले, तथा वाइड डिलीवरी की 1 रन पेनल्टी को मिलाकर कुल 5 रन अतिरिक्त (Wide Extras) के रूप में टीम के स्कोर में जोड़े गए।

यहां देखिए उस घटना का वीडियो

टोरंटो सिक्सर्स ने 9 रन से जीता मुकाबला

इस अनोखे वाकये के बावजूद मैच में रोमांच बना रहा। टोरंटो सिक्सर्स ने निर्धारित 10 ओवरों में 130 रन बनाए। जवाब में मिसिसॉगा मास्टर्स की टीम 7 विकेट पर 121 रन ही बना सकी और टोरंटो ने 9 रन से मैच जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article