देश

Exclusive: 'राहुल गांधी जहां जाते हैं, कांग्रेस का ग्राफ आ जाता है नीचे', हिमंत बिस्वा सरमा बोले- हार की सेंचुरी लगा चुके हैं LoP

Himanta Biswa Sarma Exclusive Interview: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह हार की सेंचुरी लगा चुके हैं।

Image

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा

Photo : Times Now Digital

Himanta Biswa Sarma Exclusive Interview: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके साथ कौन खड़ा है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हार की सेंचुरी लगा चुके हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत के मैनेजिंग एडिटर अमीष देवगन के साथ 'धुरंधर इंटरव्यू' में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''राहुल गांधी के साथ कौन खड़े हैं? आप जिन नेताओं की बात कर रहे हैं, वह चुनाव हारने वाले नेता हैं। जीतने वाले कौन खड़े हैं उनके साथ।''

मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि देश के तमाम हारे हुए नेताओं को अगर मैं खाने पर बुलाऊं तो वो आएंगे ही। आप देखिए, राहुल गांधी 100 बार जनता के बीच में जा चुके हैं और हारने की सेंचुरी लगा चुके हैं...।'' कांग्रेस की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब कांग्रेस में नहीं होते थे तो पार्टी इस स्थिति में नहीं थी।

हिमंत ने राहुल गांधी पर कसा तंज

मुख्यमंत्री हिमंत ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि वह जहां भी जाते हैं, कांग्रेस का ग्राफ नीचे आ जाता है। उन्होंने कहा, ''कांग्रेस की अगर कोई यूनिट सरकार बनाने की पोजिशन बना लेती है तो वह लोग बोलते हैं कि राहुल गांधी न आएं, क्योंकि वह आकर क्या करके चले जाएंगे कि ग्राफ अपने आप नीचे आ जाएगा।''

'आप लोग राहुल गांधी को कम आंक रहे हैं, वो 2024 के लोकसभा चुनाव में 99 सीटें तो लेकर आए थे?' इस सवाल पर उन्होंने कहा, ''अखिलेश अपनी जगह पर हैं और राहुल अपनी... मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि जब गणित में आपके बेटे को 30 मिले हैं और आप उसको मिठाई खिलाते हैं तो उस पर आपत्ति तो कोई नहीं है, लेकिन 542 में अगर कोई 99 जीतता है और आप उसको ट्रॉफी मानते हैं तो मैं क्या जवाब दूं।'' उन्होंने आगे कहा कि हमारी मां तो ऐसा कहती थी कि अगर 100 में 100 नहीं मिले तो मार पड़ेगी।

वोट चोरी के आरोपों पर क्या बोले CM हिमंत

मुख्यमंत्री हिमंत ने वोट चोरी से जुड़े मुद्दे पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार कब मुख्य चुनाव आयुक्त बने? आपकी (कांग्रेस) हार का सिलसिला तो 2014 से जारी है, तब तो ज्ञानेश कुमार नहीं थे। आपको किस पर इल्जाम लगाना चाह रहे, ज्ञानेश कुमार तो डेढ़ साल से हैं। उनके पहले भी तो आप हार रहे थे...। ऐसे लोगों का मेंट्रल ट्रीटमेंट होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रायबरेली और वाराणसी के बीच 250 किमी का अंतर है। दोनों जगह पर एक ही इलेक्शन अथॉरिटी के अंडर चुनाव हुआ। वाराणसी में पीएम मोदी जीते और रायबरेली में जीतने वाले कह रहे हम 99 सीटें जीते। उन्होंने कांग्रेस पर आगे तंज कसते हुए कहा कि 99 सीटें भी तो आप चुनाव आयोग के अंडर में ही तो जीते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article