CAN vs UAE, T20 World Cup Match Highlights: कनाडा को पटखनी देकर यूएई ने दर्ज की पहली जीत, जुनैद सिद्दिकी ने बरपाया कहर
- Edited by: नवीन चौहान
- Updated Feb 13, 2026, 08:41 PM IST
यूएई ने कनाडा को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 5 विकेट के अंतर से मात देकर अपनी पहली जीत टी20 विश्व कप 2026 में दर्ज की। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।
यूएई बनाम कनाडा टी20 विश्व कप 2026
नई दिल्ली: जुनैद सिद्दीकी के पांच विकेट के बाद आर्यांश शर्मा (53 गेंद में नाबाद 74) और शोएब खान (29 गेंद में 51 रन) की अर्धशतकीय पारियों से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में शुक्रवार को कनाडा को पांच विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की। 'प्लेयर ऑफ द मैच' सिद्दीकी ने चार ओवर में 35 रन देकर पांच झटके जिससे कनाडा की पारी सात विकेट पर 150 रन पर रूक गयी। यूएई ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 154 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। यह दोनों टीमों के बीच इस प्रारूप के दो मैचों में यूएई की दूसरी जीत है। आर्यांश ने 53 गेंद की नाबाद पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाये जबकि शोएब ने 29 गेंद की पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाकर लक्ष्य का पीछा करते समय दबाव हावी नहीं होने दिया। दोनों की साझेदारी उस समय शुरू हुई जब टीम 13वें ओवर में 66 रन पर चार विकेट गंवा कर मुश्किल में थी।
इससे पहले दोनों टीमों को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। कनाडा को दक्षिण अफ्रीका से 57 रन से हार का सामना करना पड़ा था जबकि यूएई को न्यूजीलैंड ने 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। कनाडा के लिए साद बिन जफर ने चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिला।
सिद्दीकी ने बनाया कनाडा पर शुरुआती दबाव
यूएई की गेंदबाजी के दौरान सिद्दीकी को जवादुल्लाह के साथ शुरुआती ओवरों में कनाडा के तीन विकेट चटकाकर दबाव बना दिया था। जवादुल्लाह ने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर एक विकेट लिया। कनाडा के लिए हर्ष ठाकेर ने 41 गेंद की पारी में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली। उन्होंने 38 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद नवनीत धालीवाल के साथ 47 गेंद में 58 रन की साझेदारी कर पारी को सवारा। धालीवाल ने 28 गेंद में चार चौके की मदद से 34 रन बनाये।
नौवें ओवर में यूएई ने पार किया 50 का आंकड़ा
151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएई को शानदार लय में चल रहे कप्तान मुहम्मद वसीम (चार) के आउट होने से बड़ा झटका लगा। आर्यांश शर्मा ने जसकरण सिंह के खिलाफ छक्का लगाने के बाद दो चौके जड़े जिससे टीम ने छठे ओवर से 17 रन बटोरे। पावरप्ले के बाद यूएई का स्कोर एक विकेट पर 39 रन था। दूसरे छोर से तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे अलीशान शराफू ने बड़े शॉट की तलाश में साद बिन जफर की गेंद को हवा में लहरा दिया और किरटन ने आसान कैच लपककर 13 गेंद में उनकी पांच रन की पारी को खत्म किया। पावरप्ले के बाद यूएई के बल्लेबाज बाउंड्री लगाने के लिए संघर्ष करते दिखे और टीम ने नौवें ओवर में 50 रन पूरे किये। अंश पटेल की गेंद आर्यांश के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए चार रन के लिए चली गयी जिससे तीन ओवर के बाउंड्री का सूखा खत्म हुआ।
आर्यांश ने 41 गेंद में पूरा किया अर्धशतक
जरूरी रनगति के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए मयंक ने बायें हाथ के स्पिनर जफर के खिलाफ अंपायर के ऊपर से बड़ा शॉट खेला लेकिन गेंद हवा में लहरा गयी और कलीम सना ने आसान कैच लपक लिया। हर्षित कौशिक (पांच) भी प्रभावित करने में नाकाम रहे और जफर के खिलाफ स्लॉग स्वीर करने की कोशिश में गेंद डीप मिडविकेट पर खड़े किरटन की हाथों में खेल गये। एक छोर से विकेटों के पतझड़ के बीच आर्यांश ने अंश के खिलाफ छक्का लगाकर 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। शोएब खान ने इस ओवर का दूसरा छक्का जड़ा जिससे टीम ने 14 रन बटोरे।
आखिरी चार ओवर में यूएई को बनाने थे 56 रन
यूएई को आखिरी चार ओवर में 56 रन की जरूरत थी और शोएब ने 17वें ओवर में दो छक्के और चौका जड 17 रन बटोर कर दबाव कम किया। उन्होंने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए 18वें ओवर में जसकरण के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ कनाडा के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। आर्यांश ने भी कलीम के खिलाफ लगातार दो चौके लगाये जिससे टीम को आखिरी ओवर में आठ रन की जरूरत रह गयी। आर्यांश ने छक्का लगाकर कर टीम की जीत पक्की कर दी।
39 रन पर कनाडा ने गंवा दिए थे तीन विकेट
पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद कनाडा के कप्तान दिलप्रीत सिंह (11) ने वामहस्त स्पिनर हैदर अली के खिलाफ पहले ओवर में चौका लगाया लेकिन अगले ओवर में सिद्दीकी के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मुहम्मद वसीम को कैच दे बैठे। युवराज सामरा (पांच) जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे और चौथे ओवर में सिद्दीकी का दूसरा शिकार बन गये। क्रीज पर आये नवनीत धालीवाल ने लगातार ओवर में दो शानदार चौके जड़े लेकिन जवादुल्लाह ने गेंद थामते ही निकोलस किरटन (चार) को विकेट के पीछे आर्यांश शर्मा के हाथों कैच कराया। पावरप्ले में टीम ने 39 रन तक तीन विकेट गंवा दिये।
धालीवाल और ठाकेर के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
ठाकेर ने हैदर के खिलाफ सातवें ओवर में लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर हाथ खोला तो वहीं धालीवाल ने दौड़कर रन चुराने पर ध्यान दिया। धालीवाल ने शानदार टाइमिंग का इस्तेमाल कर मुहम्मद फारूक के खिलाफ लांग ऑन की दिशा में चौका जड़ने के बाद कवर क्षेत्र के ऊपर से ओवर का दूसरा चौका लगाकर ठाकेर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। धालीवाल हालांकि दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गये जब उनका बल्ला क्रीज पर अटक गया और अरफान के थ्रो ने गिल्लियां बिखेर दी।
150 रन बना सकी कनाडा की टीम
श्रेयस मोव्वा (21) ने मिड ऑफ क्षेत्र में शॉट खेल एक रन चुरा कर 14 ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। ठाकेर ने कौशिक के खिलाफ छक्का लगाया तो वही मोव्वा ने अरफान के खिलाफ ’लैप स्कूप’ शॉट खेल गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। ठाकेर ने सिद्दीकी के खिलाफ एक रन के साथ 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि अपनी पारी को और आगे नहीं बढ़ा सके और मुहम्मद जवादुल्लाह की गेंद पर मंयक कुमार को कैच देकर पवेलियन लौटे। सिद्दीकी ने आखिरी ओवर में मोव्वा और साद बिन जफर (चार) को आउट कर पांच विकेट पूरे किये। दिलन हेइलिगर ने पारी की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 150 रन तक पहुंचाया।
