SA vs AUS: साउथ अफ्रीका के खिलाफ देर से ही सही पर ट्रैविस हेड फॉर्म में लौट आए हैं। रविवार को खेले जा रहे तीसरे और आखिरी वनडे में हेड वही पुराने अंदाज में नजर आए जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उन्होंने कप्तान मिचेल मार्श के साथ मिलकर साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और अपने वनडे करियर का 7वां शतक जड़ दिया। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका पहला शतक है। इससे पहले उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 94 रन था। हेड ने केवल 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था।
80 गेंद में जड़ शतक
अब तक इस सीरीज में रन के लिए तरस रहे ट्रैविस हेड ने अपनी सेंचुरी केवल 80 गेंद में पूरी कर ली। उन्होंने इस दौरान 13 चौके और 3 छक्के लगाए। यह शतक उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद उनका बल्ला गरजा है। इससे पहले सितंबर 2024 में उन्होंने इंग्लैंड में शतक लगाया था।
मार्श के साथ रिकॉर्ड साझेदारी
ट्रैविस हेड ने कप्तान मिचेल मार्श के साथ पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 200 से ज्यादा रन जोड़े। इस दौरान मार्श ने फिफ्टी पूरी की। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में बेस्ट पार्टनरशिप है। हेड और मार्श की जोड़ी ने इंग्लैंड के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। हेड 103 गेंद में 142 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और 5 छक्के लगाए। मार्श और हेड के बीच हुए 250 रन की इस साझेदारी को केशव महाराज ने तोड़ा।| रन | खिलाड़ी | टीम | स्थान | वर्ष |
|---|---|---|---|---|
| 201* | टी. हेड और एम. मार्श | ऑस्ट्रेलिया | मैके | 2025 |
| 200 | वी. सोलांकी और एम. ट्रेस्कोथिक | इंग्लैंड | द ओवल | 2003 |
| 193 | सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर | भारत | जोहांसबर्ग | 2001 |
| 193 | एस. चंदरपॉल और सी. गेल | वेस्टइंडीज | जोहांसबर्ग | 2004 |
