Today IPL Match, आईपीएल में आज किसका मैच है: गुवाहाटी में राजस्थान के खिलाफ 8 विकेट से करारी शिकस्त के बाद चेन्नई सुपर किंग्स घर लौट आई है। एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में सीएसके पंजाब किंग्स की मेजबानी करने के लिए तैयार है। होम ग्राउंड पर सीएसके वापसी करने की पूरी कोशिश करेगी।
पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स बिना एमएस धोनी के खेली थी। इंजरी की वजह से वह कुछ सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं। हालांकि, उन्हें चेपॉक में नेट प्रैक्टिस करते हुए देखा गया। पहले मैच में हुई गलतियों से सीख लेकर ऋतुराज गायकवाड़ की सेना पंजाब के खिलाफ जीत से कमतर नहीं चाहेगी।
जीत के रथ पर सवार है पंजाब
वहीं, मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स ने अपने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को शिकस्त दी। वह आत्मविश्वास के साथ चेन्नई पहुंची है। पंजाब किंग्स जीत के रथ पर सवार है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इसे जारी रखना चाहेगी।
चेपॉक स्टेडियम पिच रिपोर्ट
आईपीएल 2026 में सीएसके के अपने पहले घरेलू मैच में पीबीकेएस के खिलाफ एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। स्पिनरों को अभी भी कुछ मदद मिलेगी, लेकिन चेन्नई की पिच पर बल्लेबाजों को भरपूर आनंद मिलेगा। चेपॉक पिच कभी स्पिन गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती थी, जहां सीएसके के रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन धीमी और टर्निंग पिचों पर बल्लेबाजों को दबाव में रखते थे।
पिछले कुछ सालों में बदला है पिच का मिजाज
हालांकि, पिच में कुछ सालों से बदलाव आया है और अब यह बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग समान है, जहां गेंद बल्ले पर आसानी से आती है और शॉट खेलना आसान हो जाता है। हाल ही में, भारत ने टी20 विश्व कप के एक मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ यहीं पर 254 रन बनाए थे।
