क्रिकेट

न्‍यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ने अपने 100वें T20I मैच में किया कमाल, हासिल की विशेष उपलब्धि

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 14, 2022, 02:29 PM IST

Tim Southee achievement in T20I: न्‍यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउथी ने शुक्रवार को पाकिस्‍तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल ट्राई सीरीज के फाइनल में बड़ी उपलब्धि हासिल की। अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 100वां मैच खेल रहे साउथी इस प्रारूप में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने के मामले में संयुक्‍त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

Image

टिम साउथी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • टिम साउथी ने पाकिस्‍तान के खिलाफ अपना 100वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला
  • टिम साउथी ने अपने 100वें टी20 इंटरनेशनल मैच में हैदर अली का विकेट लिया
  • साउथी T20I क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने के मामले में संयुक्‍त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं

क्राइस्‍टचर्च: न्‍यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउथी ने शु्क्रवार को पाकिस्‍तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल ट्राई सीरीज के फाइनल के जरिये अपना 100वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। टिम साउथी ने मैच में हैदर अली का विकेट लेकर अपने 100वें टी20 इंटरनेशनल मैच को बेहद खास बना दिया। टिम साउथी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने के मामले में संयुक्‍त रूप से शीर्ष स्‍थान पर पहुंच गए हैं। साउथी ने बांग्‍लादेश के कप्‍तान शाकिब अल हसन की बराबरी की।

टिम साउथी ने अपने करियर के 100वें टी20 इंटरनेशनल मैच में 122वां विकेट चटकाया। कीवी गेंदबाज ने कम ओवरों में 122 टी20 इंटरनेशनल विकेट लिए। साउथी ने 364.5 ओवर में 122 विकेट लिए। वहीं शाकिब अल हसन को 122 विकेट लेने के लिए 378.3 ओवर करना पड़े थे। हालांकि, कम रन देकर 122 विकेट लेने के मामले में शाकिब अल हसन आगे हैं। बाएं हाथ के स्पिनर ने 6.73 की इकोनॉकी दर से 2549 रन देकर 122 विकेट लिए। वहीं साउथी की इकोनॉमी दर 8.23 की रही, जहां उन्‍होंने 3004 रन खर्च करके 122 विकेट लिए।

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज

  • शाकिब अल हसन - 122 विकेट
  • टिम साउथी - 122 विकेट
  • राशिद खान - 118 विकेट
  • लसिथ मलिंगा - 107 विकेट
  • ईश सोढ़ी - 103 विकेट

बहरहाल, न्‍यूजीलैंड की टीम टिम साउथी को 100वें टी20 इंटरनेशनल मैच में जीत का तोहफा नहीं दे पाई। न्‍यूजीलैंड को क्राइस्‍टचर्च में खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्‍तान के हाथों 5 विकेट की शिकस्‍त झेलनी पड़ी। न्‍यूजीलैंड ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में पाकिस्‍तान ने 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया। पाकिस्‍तान के ऑलराउंडर मोहम्‍मद नवाज (38* और एक विकेट) को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं न्‍यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल को प्‍लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article