क्रिकेट

अजय जडेजा ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर दिया रोचक बयान

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज अजय जडेजा ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर बड़ा रोचक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि गंभीर के रहते टीम इंडिया में नहीं आएगा कोई नीरस पल।

Image

गौतम गंभीर (साभार BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • जडेजा ने कहा है कि गंभीर के रहते नहीं आएगा टीम इंडिया में नीरस पल
  • गंभीर अपने फैसलों से सबको करते रहेंगे आश्चर्यचकित
  • टीम इंडिया के हेड कोच बनने के बाद गंभीर को नहीं बदलना चाहिए अपना अंदाज

कोलकाता: भारत के पूर्व बल्लेबाज अजय जडेजा का मानना है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर बांग्लादेश के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में आक्रामक रुख बनाये रखेंगे और विपक्षी टीम को दबदबा बनाने का मौका नहीं देंगे। भारत दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के लिए बांग्लादेश की मेजबानी करेगा। बांग्लादेश के इस दौरे का आगाज 19 सितंबर से चेन्नई में शुरू होने वाले टेस्ट मैच से होगा।

गंभीर की मौजूदगी में नहीं आएगा नीरस पल

जडेजा से जब गौतम गंभीर की मौजूदगी में टीम के दृष्टिकोण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,'यह बिल्कुल साफ है, उनका दृष्टिकोण आक्रामक है। एक बात निश्चित है कि उनकी मौजूदगी में कोई नीरस पल नहीं आएगा, वह हमेशा कुछ न कुछ करने की कोशिश करेंगे।'

सबको आश्चर्यचकित करते रहेंगे गंभीर

भारत के लिए 196 एकदिवसीय में 37.47 की औसत से 5359 रन बनाने वाले 53 साल के इस पूर्व दिग्गज ने कहा,'वह (गंभीर) ऐसा व्यक्ति नहीं होगा जो शांतचित रहकर चीजों को चलने दे। वह कुछ ऐसा करने की कोशिश करेंगे जो सबको आश्चर्यचकित करेगा। जैसे हमने सूर्यकुमार यादव को अचानक कप्तान बनते देखा था। मैं उस रोमांच का इंतजार कर रहा हूं जो हम देखने जा रहे हैं।'

गंभीर को नहीं बदलना चाहिए अपना तरीका

जडेजा से बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के वार्षिक पुरस्कार समारोह के मौके पर जब यह पूछा गया कि वह इस टेस्ट श्रृंखला के लिए गंभीर को क्या सलाह देना चाहेंगे तो उन्होंने कहा,'मुझे उम्मीद है कि वह सुझाव नहीं मांगेंगे। वह वहां इसलिये है क्योंकि उन्होंने खुद को साबित किया है और उनका एक नजरिया है। मुझे उम्मीद है कि वह किसी की सलाह नहीं लेंगे और अपना दृष्टिकोण नहीं बदलेंगे क्योंकि जिस चीज से आपको पहचान मिली है उस पर भरोसा कर के उस पर कायम रहना चाहिये। वह हमेशा बेहतर हो सकते हैं।'

पाकिस्तान से बहुत बेहतर है टीम इंडिया

जडेजा ने भारत में 2023 वनडे विश्व कप के दौरान अफगानिस्तान टीम के मेंटर के रूप में काम किया था। बांग्लादेश पाकिस्तान में ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीत कर आ रहा है लेकिन जडेजा ने कहा कि भारत कहीं बेहतर टीम है। उन्होंने कहा,'कोई भी टीम जब जीतकर आती है वह हमेशा सोचती है कि वह जीत सकती है लेकिन इस समय पाकिस्तान और भारत क्रिकेट टीम में काफी अंतर है। भारत कहीं बेहतर टीम है। बांग्लादेश के नजरिये से देखे तो वे सोचेंगे कि अगर पाकिस्तान को हराया है तो भारत को भी शिकस्त दे सकते हैं लेकिन भारत की टीम पाकिस्तान से काफी बेहतर है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article