तिरूवनंतरपुरम: भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को कहा कि रोहित शर्मा और शुभमन गिल टीम के मुख्य सलामी बल्लेबाज बने रहेंगे लेकिन इसे यशस्वी जायसवाल के साथ 'अनुचित' व्यवहार नहीं माना जाना चाहिए और उन्हें अपने खेल पर लगातार मेहनत करते रहना चाहिए। जायसवाल ने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर तीन मैच की वनडे श्रृंखला खेली थी, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। अब बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को रविवार से यहां शुरू होने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम में फिर शामिल किया गया है।
टीम में जगह बनाने के लिए है काफी प्रतिस्पर्धा
कोटक ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'टीम में जगह बनाने के लिए काफी प्रतिस्पर्धा है और कई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि जायसवाल बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं और जब भी उन्हें मौका मिलता है, वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इसलिए वह टीम का हिस्सा हैं। सहयोगी सदस्य के तौर पर हम उनके कौशल, अभ्यास और मानसिकता पर काम करते हैं। गौतम (गंभीर) भी उनसे काफी बात करते हैं। कभी-कभी हालांकि ऐसा होता है। उदाहरण के लिए अगर टीम में तीन बेहद अच्छे विकेटकीपर हों तो उनमें से केवल एक ही खेल सकता है।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कब कहेंगे अलविदा? खुद बताया अपना रिटायरमेंट प्लान
वनडे फॉर्मेट में नियमित मौके के लिए करना होगा जायसवाल को इंतजार
कोटक के इस बयान से संकेत मिलता है कि जायसवाल को वनडे प्रारूप में नियमित मौके के लिए अभी इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा,'ऐसा नहीं है कि उनके साथ किसी तरह का अनुचित व्यवहार किया गया है। उन्हें कड़ी मेहनत जारी रखनी चाहिए और मौके का इंतजार करना चाहिए। अब तक जब भी उन्हें मौका मिला है, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।'
(भाषा)
