क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए दुबई रवाना हुई टीम इंडिया, इन दो प्लेयर्स पर होगी नजर

भारतीय टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भाग लेने के लिए दुबई रवाना हो गई है। टूर्नामेंट के दौरान इन दो भारतीय खिलाड़ियों पर रहेगी सबकी नजर।

Image

रोहित शर्मा

मुंबई: सफेद टी-शर्ट और काली ट्रैक पहने रोहित शर्मा जब शनिवार को मुंबई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दुबई रवाना होने के लिए अपनी कार से उतरे तो छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवेश द्वार के पास इंतजार कर रहे प्रशंसकों ने जोर-जोर से रोहित भाई और रोहित सर कहकर उनका ध्यान अपनी तरफ खींचा। भारतीय कप्तान मुस्कुराते हुए प्रस्थान लाउंज में अपने साथियों की ओर बढ़े।

12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतने की है आस

मुख्य कोच गौतम गंभीर, उप-कप्तान शुभमन गिल और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली सहित टीम के अधिकतर सदस्य टीम बस में हवाई अड्डे पहुंचे। इनमें से कुछ खिलाड़ियों ने कुछ प्रशंसकों को ऑटोग्राफ देकर या हाथ हिलाकर उनका आभार व्यक्त किया। भारतीय टीम पिछले साल जून में टी20 विश्व कप जीतने के बाद एक और वैश्विक ट्रॉफी हासिल करने की उम्मीदों के बीच आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दुबई के लिए दोपहर की उड़ान में सवार हो गई।

बुमराह के बगैर खेलेगी भारतीय टीम

भारतीय टीम स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने के लिए गई है। बुमराह चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। भारत लीग चरण में अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा जबकि 23 फरवरी को उसका सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा। भारत अपना आखिरी लीग मैच दो मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।

भारतीय टीम ने हाल की में किया इंग्लैंड का सूपड़ा साफ

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने हाल ही में अपनी घरेलू धरती पर इंग्लैंड के खिलाफ तीनों मैच जीते थे जिससे प्रशंसकों और टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। मुंबई हवाई अड्डे पर इकट्ठे हुए समर्थक उम्मीद कर रहे होंगे कि रोहित और कोहली के नेतृत्व में ये दिग्गज एक और जीत हासिल करेंगे जैसा कि उन्होंने पिछले साल वेस्टइंडीज में किया था।

विराट और रोहित के ऊपर रहेगा खिताबी जीत का दारोमदार

भारत को अगर चैंपियंस ट्रॉफी में टी20 विश्व कप की कहानी दोहरानी है तो उसके दोनों स्टार बल्लेबाज रोहित और कोहली को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टेस्ट क्रिकेट में विफल रहने के कारण इन दोनों को हाल में आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला में इन दोनों ने हालांकि फॉर्म में वापसी करने के संकेत दिए। रोहित ने कटक में खेले गए दूसरे वनडे में 90 गेंद पर 119 रन बनाए जबकि कोहली ने अहमदाबाद में तीसरे वनडे में अर्धशतक लगाया था।

विराट और रोहित के निशाने पर होंगे बड़े रिकॉर्ड

चैंपियंस ट्रॉफी में इन दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति की करीबी नजर रहेगी। अपने करियर के ढलान पर खड़े रोहित और कोहली का चैंपियंस ट्रॉफी में प्रदर्शन उनके भविष्य के लिए भी काफी मायने रखेगा। कोहली को वनडे इतिहास में 14,000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बनने के लिए 37 रन की जरूरत है, जबकि रोहित 11,000 रन पूरे करने वाले 10वें बल्लेबाज बनने से केवल 12 रन दूर हैं। लेकिन ट्रॉफी के बिना इन आंकड़ों पर कोई गौर नहीं करेगा।

युवा खिलाड़ी करना चाहेंगे खुद को साबित

भारतीय टीम में शामिल कुछ युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करके अपनी जगह मजबूत करना चाहेंगे। उप कप्तान गिल अपनी शानदार फॉर्म जारी रखकर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के चयन समिति के फैसले को सही साबित करना चाहेंगे। चोट के कारण बुमराह की अनुपस्थिति अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों के लिए यह एक अवसर है, जबकि वरुण चक्रवर्ती साबित करना चाहेंगे कि वह टीम के मारक हथियार हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article