क्रिकेट

टीम इंडिया पर भी चंद्रग्रहण का प्रभाव, सेमीफाइनल से पहले बैड-लक से बचने के लिए उठाया यह बड़ा कदम

सेमीफाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया कोई भी ऐसा काम नहीं करना चाहती है जिसके कारण उसके साथ बैड-लक जुड़ जाए। यही कारण है कि मंगलवार को बैड-लक से बचने के लिए उसने अपने ट्रेनिंग के समय में बदलाव करना मुनासिब समझा।

Image

चंद्रग्रहण के कारण टला प्रैक्टिस सेशन (साभार-X)

मंगलवार शाम 6 बजे से टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन प्री-शेड्यूल था, लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की मानें तो टीम इंडिया को इसमें बदलाव करना पड़ा है। टीम इंडिया को यह बदलाव चंद्रग्रहण के कारण करना पड़ा है। टीम मैनेजमेंट नहीं चाहती है कि चंद्रग्रहण के दौरान टीम प्रैक्टिस करने मैदान में उतरे। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मार्च को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से दो दिन पहले यानी मंगलवार को शाम 6-9 के बीच टीम इंडिया को प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेना था। मंगलवार को चंद्रग्रहण 03:20 से शाम 06:47 के बीच है। हिंदु रीति-रिवाज के अनुसार इस दौरान कोई भी शुभ काम नहीं किया जाता है। इसी के मद्देनजर टीम मैनेजमेंट ने फैसला लिया कि ट्रेनिंग सेशन को आगे खिसका दिया जाए। टीम मैनेजमेंट ने फैसला किया है कि चंद्रग्रहण खत्म होने के बाद ही टीम इंडिया अपनी प्रैक्टिस स्टार्ट करे।

हुआ भी यही, टीम इंडिया आखिरकार शाम सात बजकर 20 मिनट के करीब मैदान पर उतरी। सहयोगी स्टाफ के कुछ सदस्य खिलाड़ियों और कोच से पहले मैदान पर पहुंच गए थे लेकिन ट्रेनिंग कुछ देर बाद शुरू हुई। स्टेडियम की फ्लडलाइट भी शाम करीब छह बजकर 50 मिनट पर चालू कर दी गईं थी लेकिन इन्हें पूरी तरह से शुरू नहीं किया गया था जो बाकी टीम के मैदान पर उतरने से कुछ देर पहले किया गया था।

टी20 वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ी धार्मिक गतिविधियों में कुछ ज्यादा ही शामिल रहे हैं। करो या मरो वाले मैच से पहले टीम के कई खिलाड़ियों ने काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इतना ही नहीं ऐसी खबर आ रही है कि टीम इंडिया के कोच बुधवार शाम सिद्धिविनायक मंदिर दर्शन करने जाएंगे।

गुरुवार को होगा दूसरा सेमीफाइनल

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैदान टीम इंडिया के लिए लकी रहा है। 2011 में दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भारत ने इसी मैदान पर उठाई थी। अब एक बार उसके पास इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचने का मौका है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article