क्रिकेट

वनडे वर्ल्ड कप 2027 की रेस से बाहर नहीं हुए हैं जडेजा, बोले-स्पिन गेंदबाजी कोच बहुतुले

वनडे वर्ल्ड कप जैसे-जैसे करीब आता जा रहा है, हर सीरीज खिलाड़ियों के लिए ऑडिशन बनता जा रहा है। ऐसे में क्या रवींद्र जडेजा इस टीम का हिस्सा होंगे। इसको लेकर स्पिन कोच साईराज बहुतुले ने प्रतिक्रिया दी है।

Image

रवींद्र जडेजा

भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने मंगलवार को कहा कि रविंद्र जडेजा की एकदिवसीय विश्व कप की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं क्योंकि 2027 विश्व कप के लिए टीम अपने स्पिन विकल्पों को मजबूत करने के दौरान इस अनुभवी ऑलराउंडर की बल्लेबाजी क्षमता के साथ अक्षर पटेल की उपयोगिता का भी आकलन कर रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू और इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर हुई शृंखला नहीं खेलने वाले 37 वर्षीय जडेजा ने तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय टीम में वापसी की। हालांकि वह इस मुकाबले में कोई विकेट नहीं ले सके और अपने पूरे 10 ओवर में 54 रन दिए।

अक्षर अभी एशियाई खेलों में व्यस्त हैं और भारत 2027 विश्व कप की तैयारियों के तहत आगामी शृंखलाओं में अपने विकल्पों का आकलन करेगा। 2027 विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय की पूर्व संध्या पर बहुतुले ने कहा, ’’अक्षर के भी टीम में होने के कारण आने वाले समय में जो टूर्नामेंट या शृंखलाएं हम खेलेंगे उनमें हम प्रदर्शन का आकलन कर सकेंगे और देख सकेंगे कि कौन उपयोगी साबित हो सकता है।’’ उन्होंने कहा, ’’लेकिन जड्डू अपनी बल्लेबाजी क्षमता और अनुभव के साथ निश्चित रूप से अच्छा कर रहे हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में उनके बारे में विचार किया जाएगा।’’

बहुतुले ने कहा, ’’मेरे लिए वह हमेशा से उपयोगी खिलाड़ी रहे हैं। वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं। पिछले छह महीनों में उन्होंने गेंदबाज के तौर पर निश्चित रूप से सुधार किया है।’’ इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड श्रृंखला के बाद जडेजा भारत की सीमित ओवरों की योजनाओं से बाहर होते नजर आए थे। उस समय अक्षर, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर टीम के स्पिन विकल्प थे।

हालांकि अक्षर और वाशिंगटन के एशियाई खेलों में व्यस्त होने के कारण जडेजा ने न्यूजीलैंड श्रृंखला के बाद पहली बार एकदिवसीय टीम में वापसी की।

जडेजा की ऑलराउंड क्षमता महत्वपूर्ण बनी हुई है लेकिन बहतुले को कुलदीप यादव पर पूरा भरोसा है। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप ने पहले एकदिवसीय में मैच का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया था। कुलदीप ने 40 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनकी गेंदबाजी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 20वें ओवर में बिना विकेट के 135 रन के मजबूत स्कोर के बावजूद सात विकेट पर 295 रन पर रोक दिया।

बहुतुले ने कहा, ’’कुलदीप हमेशा से भारत के लिए मैच विजेता रहे हैं। कुछ ऐसे पहलू हैं जिनमें उन्हें लगता है कि उन्हें सुधार करने की जरूरत है। वह नेट्स पर जाते हैं और उन पर काम करते हैं। वहीं कुछ चीजों को लेकर वह काफी आश्वस्त हैं क्योंकि वह कई वर्षों से इस टीम का हिस्सा रहे हैं।’’ हार्दिक पंड्या के चोटिल होने और कई खिलाड़ियों के एशियाई खेलों में व्यस्त होने के कारण भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय शृंखला में विभिन्न संयोजनों को आजमा रहा है। नमन धीर ने पहले मुकाबले में पदार्पण किया जबकि मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया। पंड्या के बैकअप तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर तैयार किए जा रहे नितीश कुमार रेड्डी ने नई गेंद से गेंदबाजी की शुरुआत की।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article