न्यूयॉर्क: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को टी20 विश्व कप 2024 में बतौर ओपनर खिलाने का फैसला गलत साबित होता दिख रहा है। विराट कोहली लगतारा दूसरे मुकाबले में बतौर ओपनर नाकाम रहे। आयरलैंड के खिलाफ न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में विराट कोहली पहली बार भारतीय टीम के लिए टी20 फॉर्मेट में ओपनिंग करने उतरे और एक रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। लोगों को लगा कि विराट टी20 विश्व कप में अपनी फेवरेट टीम पाकिस्तान के खिलाफ बतौर ओपनर फॉर्म में लौट आएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हो सका इस बार विराट 4(3) रन बनाकर नसीम शाह की गेंद पर प्वाइंट पर खड़े उस्मान खान के हाथों लपके गए।
2 मैच में विराट बना सके हैं 5 रन
विराट कोहली मौजूदा विश्व कप के दो मैच की दो पारियों में केवल 5 रन 2.50 के औसत से रन बना सके हैं। इससे पहले विश्व कप में 27 मैच की 25 पारियों में 11 बार नाबाद रहते हुए 1141 रन बनाए हैं। जिसमें 14 अर्धशतक शामिल हैं। ये रन विराट ने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए बनाए हैं।
स्ट्राइक रेट की वजह से बदली गई भूमिका
विराट कोहली के बल्लेबाज के क्रम को बदले जाने को लेकर सवाल उठ रहे थे। विराट ने आईपीएल में बतौर ओपनर बल्लेबाजी की और सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके बल्लेबाजी के स्ट्राइक रेट पर भी सवालों के घेरे में था। ऐसे में उन्हें टी20 विश्व कप में बतौर ओपनर बेहतर स्ट्राइक रेट से रन बनाने के लिए ओपनर की भूमिका दी गई। जिसे निभा पाने में वो बुरी तरह नाकाम रहे हैं।
