Fastest 2000 Runs in T20I By Balls: टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज और विस्फोटक बल्लेबाजी की बात होती है तो कुछ ही नाम तुरंत ही दिमाग में आते हैं। इसमें कई भारतीय बल्लेबाज हैं- जैसे अभिषेक शर्मा, विराट कोहली, रोहित शर्मा, ईशान किशन आदि। हालांकि, इस लिस्ट में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का नाम सबसे ऊपर है। टी-20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंद खेलकर 2000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड इस समय सूर्यकुमार यादव के नाम ही है। सूर्या ने अपने करियर में महज 1164 गेंदों का सामना करते हुए टी-20 इंटरनेशनल में 2000 रन का आंकड़ा छू लिया था। इस मामले में दिग्गज विराट कोहली और टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पाकिस्तान के बाबर आजम जैसे बड़े नाम भी काफी पीछे हैं।
अभिषेक वर्मा के पास सुनहरा मौका
हालांकि, अब सूर्यकुमार यादव का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड खतरे में पड़ता दिख रहा है। भारत के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं। अभिषेक ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में 997 गेंदें खेली हैं और वो 2000 रन पूरा करने से केवल 53 रन दूर हैं। इसका मतलब यह हुआ कि अभिषेक शर्मा के पास सूर्यकुमार यादव के 1164 गेंदों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभी 167 गेंदें बाकी हैं। अगर अभिषेक अगले कुछ पारियों में 53 रन बना लेते हैं तो वो टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम गेंदों में 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
सबसे कम गेंदों में 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
इस एलीट लिस्ट में पहले नंबर पर सूर्यकुमार यादव तो दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के बाबर आजम हैं। बाबर आजम ने 1289 गेंदों में 2000 रन पूरे किए थे। वहीं तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान हैं, जिन्होंने 1326 गेंदों में ये मुकाम हासिल किया था। चौथा नंबर भारत के विराट कोहली का है, जिन्होंने 1386 गेंदों में 2000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे। वहीं पांचवें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरॉन फिंच हैं, जिन्होंने 1436 गेंदें खेलकर 2000 रन का आंकड़ा पार किया था।
