क्रिकेट

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजी ने क्रिकेट से लिया संन्यास, भारत से है गहरा नाता

Jeet Raval Retirement: न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उनका जन्म भारत में हुआ और उन्होंने अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पढ़ाई की, जहां वो टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल के साथ सलामी जोड़ीदार के तौर पर खेलते थे।

Image

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज का संन्यास (फोटो साभार- X/BLACKCAPS)

Jeet Raval Retirement: भारत में जन्में न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 38 साल के रावल ने नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन के जरिए अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी। रावल ने कहा, "मैंने पूरे सम्मान के साथ यह फैसला किया है। मुझे शांति और बहुत संतुष्टि महसूस हो रही है।" जीत रावल का क्रिकेट से गहरा नाता अहमदाबाद से जुड़ा है।

भारत में हुआ था जन्म

उनका जन्म भारत में हुआ और उन्होंने अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पढ़ाई की, जहां वो टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल के साथ सलामी जोड़ीदार के तौर पर खेलते थे। किशोरावस्था में ही उनका परिवार न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गया था। अपने संन्यास पर बात करते हुए रावल ने एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, "मेरे बचपन का सपना निश्चित रूप से न्यूजीलैंड की तरफ से खेलना था। यह केवल मेरा सपना ही नहीं था बल्कि मेरे पिता का भी सपना था। हमें मौका दिखा और वह परिवार के साथ न्यूजीलैंड आ गए ताकि मैं अपना सपना पूरा कर सकूं।"

न्यूजीलैंड के लिए खेले 24 टेस्ट

रावल ने न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 30.07 की औसत से 1143 रन बनाए, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। उनका इकलौता टेस्ट शतक बांग्लादेश के खिलाफ आया था। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है, जहां उन्होंने 24 शतक और 50 अर्धशतकों की मदद से 10432 रन बनाए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए पाकिस्तान के खिलाफ नवंबर 2016 में क्राइस्टचर्च में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उस सीरीज में उन्होंने अपनी ठोस तकनीक से सबका ध्यान खींचा था।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला आखिरी टेस्ट

उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में जनवरी 2020 में खेला था। उसके बाद से वो घरेलू क्रिकेट में सक्रिय थे।न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भी रावल के योगदान को सराहा है। भले ही उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वो नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहे हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article