स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत T20 विश्व कप में सबसे सफल रन चेज करते हुए सेमीफाइनल में पहुंचा। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बावजूद संजू सैमसन एक छोर पर डटे रहे और पहले सूर्यकुमार यादव और फिर तिलक वर्मा के साथ साझेदारी की। 97 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए उन्होंने भारत का बेड़ा पार लगा दिया है।
भारत छठी बार T20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। इस विश्व कप की शुरुआत से पहले सैमसन ने अपना ओपनिंग स्लॉट गंवा दिया था, लेकिन पहले अभिषेक शर्मा के बीमार पड़ने के बाद सैमसन की प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई और किस्मत ने एक बार फिर पलटी मारी जब बल्लेबाजी क्रम को मजबूती प्रदान करने के लिए सैमसन को दोबारा मौका दिया गया। अब सैमसन की पारी की बदौलत भारत को सेमीफाइनल में जगह मिली। मैच के बाद सूर्या ने संजू को लेकर बड़ी बात कही।
कड़ी मेहनत का नतीजा
भारतीय कप्तान ने कहा, निश्चित तौर पर बहुत सुखद एहसास है। यह एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल की तरह था और खिलाड़ियों ने बढ़िया प्रदर्शन किया। मैं हमेशा कहता हूं, अच्छे लोगों के साथ अच्छी चीजें होती हैं जो इंतजार करते हैं, जो बहुत धैर्य रखते हैं। मैंने अभी उनसे मिलने पर भी यही कहा था। लेकिन यह सब उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है, जो उन्होंने पर्दे के पीछे तब की जब वह खेल नहीं रहे थे और उन्हें सही समय पर उसका फल मिला। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, वह टीम को जीत की ओर ले गए।
200 का स्कोर चेज किया जा सकता था
सूर्या ने आगे कहा, जाहिर है, यह बहुत अच्छा एहसास है और जिस तरह से हमने खेला, मुझे लगता है, जैसा कि सभी ने कहा, यह करो या मरो का मैच था, क्वार्टर फाइनल जैसा। लड़कों ने जिस तरह का जज्बा दिखाया, मुझे लगता है कि यह बहुत बड़ी बात है। हमें पता था कि यहां 200 का स्कोर चेज किया जा सकता था और जिस तरह से बल्लेबाजों ने साझेदारियां की वो काफी अहम थे।
जब दबाव न हो तो मजा नहीं आता
सूर्यकमार यादव ने कहा, सेमीफाइनल में होना काफी अच्छा है, हम यह स्थान डिजर्व करते हैं। हम अधिक नहीं सोच रहे हैं, कल आराम करेंगे और फिर जब मुंबई पहुंचेंगे तो इसके बारे में सोचना शुरू करेंगे। उम्मीद तो हमेशा रहेगी, लेकिन आपको पता होना चाहिए कि बतौर टीम आपको क्या करना है। जब इस तरह के मुकाबले आते हैं तो आपको निर्भीक होना होता है। जब दबाव न हो तो मजा नहीं आता। हम इस बात से इनकार नहीं कर सकते दबाव नहीं होता, लेकिन मायने यह रखता है कि आप उस दबाव को किस तरह से लेते हैं।
5 मार्च को इंग्लैंड से होगी भिडंत
भारतीय टीम पांच मार्च को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े में खेला जाएगा। भारत छठी बार T20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। वह टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरा है। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा।
यह भी पढे़ं- संजू सैमसन बने टीम इंडिया के नए 'किंग ऑफ चेज'
