क्रिकेट

मुझे माफ करें... सूर्यकुमार यादव ने बताया उन्होंने फाइनल के बाद विरोधी खिलाड़ी से क्या कहा

Suryakumar Yadav Speaks On Apology to Daryl Mitchell: सूर्यकुमार यादव ने बताया कि हाल ही में हुए विश्व कप फाइनल के दौरान अर्शदीप सिंह के थ्रो पर डेरिल मिचेल को गेंद लगने की घटना के बाद उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर उनसे माफी मांगी थी क्योंकि वह कप्तान के तौर पर मैदान पर सही उदाहरण पेश करना चाहते थे।

Image

सूर्यकुमार यादव (Instagram/SuryakumarYadav)

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने बताया कि हाल ही में हुए विश्व कप फाइनल के दौरान अर्शदीप सिंह के थ्रो पर डेरिल मिचेल को गेंद लगने की घटना के बाद उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर उनसे माफी मांगी थी क्योंकि वह कप्तान के तौर पर मैदान पर सही उदाहरण पेश करना चाहते थे।फाइनल मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप का थ्रो मिचेल के पैड पर लग गया था। इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अर्शदीप पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट अंक भी दिया।

इस घटना के तुरंत बाद अर्शदीप ने माफी नहीं मांगी, जिस पर मिचेल ने आपत्ति जताई। स्थिति को संभालने के लिए सूर्यकुमार और मैदान पर मौजूद अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा। मैच के आखिर में अर्शदीप ने हालांकि सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामले को खत्म किया। भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीतकर खिताब बरकरार रखा।

सूर्यकुमार ने ’पीटीआई वीडियो’ के साथ एक पॉडकास्ट में इस घटना को ज्यादा तवज्जो देने से बचते हुए कहा, "मैच के दौरान कभी-कभी ऐसा हो जाता है। उस समय पूरी तरह समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है। लेकिन बाद में मैंने पाजी (अर्शदीप) से कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। फिर उन्होंने मिचेल से बात की और चीजें ठीक हो गयी।"

उन्होंने कहा कि एक कप्तान के तौर पर जिम्मेदारी निभाना जरूरी है। सूर्यकुमार ने कहा, "मेरे लिए यह बहुत जरूरी था कि मैं खुद जाकर डेरिल मिचेल से बात करूं। मैदान पर आप क्या उदाहरण पेश करते हैं, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसलिए मैंने उनसे कहा कि अगर अर्शदीप ने जानबूझकर ऐसा किया तो मुझे माफ करें, और अगर जानबूझकर नहीं किया, तब भी मुझे माफ करें।"

अर्शदीप ने मैच के बाद आधिकारिक प्रसारक से बातचीत में इस मामले पर माफी मांगते हुए कहा, "मैं मिचेल से माफी मांगना चाहता हूं। मेरा थ्रो रिवर्स स्विंग होकर उन्हें लगा। मैंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया था।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article