क्रिकेट

सूर्यकुमार यादव से छिनी भारत की कप्तानी, टी20 टीम से भी बाहर होना तय: रिपोर्ट

भारत को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया है। भारतीय टीम से भी उनकी छुट्टी तय हो गई है।

Image

सूर्यकुमार यादव (फोटो क्रेडिट Surya kumar Yadav X)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने के तीन महीने बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम से छुट्टी हो गई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम के कप्तान के पद से हटा दिया गया है। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शायद ही जगह मिले। बीसीसीआई चयन समिति और टीम मैनेजमेंट की सलाह के बाद टी20 के नए चक्र के लिए भारतीय टीम के नए कप्तान का ऐलान करेगा।

गंभीर की सहमति से हुआ है सामूहिक फैसला

बीसीसीआई के सूत्र द्वारा इंडियन एक्सप्रेस को दी गई जानकारी के मुताबिक, चयन समिति, बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट ने हेड कोच गौतम गंभीर के साथ मिलकर फैसला किया है कि भारतीय टीम को नए कप्तान के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप जीता लेकिन उनके फॉर्म और भविष्य के मद्देनजर उन्हें लगता है कि टीम को अब एक नए कप्तान के साथ आगे बढ़ना चाहिए।'

दो साल से नहीं चला है बल्ला, आईपीएल में भी रहे नाकाम

भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ उसके घर पर दो और इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर पांच टी20 मैच की सीरीज खेलनी है। सूर्यकुमार यादव का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय है। पिछले दो साल से वो बल्ले के साथ संघर्ष कर रहे हैं। हालिया आईपीएल सीजन में भी उनका प्रदर्शन खराब रहा और वो फॉर्म में वापसी करने में नाकाम रहे। राजस्थान के खिलाफ सूर्या सीजन में केवल एक अर्धशतक जड़ सके। सीजन में 13 पारी में वो 20.76 के औसत से 270 रन बना सके।

टी20 विश्व कप में भी नहीं चला था बल्ला

भले ही भारतीय टीम फरवरी-मार्च 2026 में तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सफल रहे लेकिन टूर्नामेंट के दौरान वो फॉर्म की वजह से लगातार निशाने पर थे। यूएसके के खिलाफ नाबाद 84 रन की पारी के अलावा सूर्या और कोई धमाल नहीं मचा सके। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका बल्ला भी नहीं चला। सूर्या को साल 2024 के टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद टीम का कप्तान चुना गया था। रोहित शर्मा के टी20 से संन्यास के बाद कप्तान की जगह खाली हुई थी।

आगे ही योजनाओं का सूर्या नहीं है हिस्सा

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बुधवार को पीटीआई से बताया, 'सूर्यकुमार को कप्तानी से हटाया जाना लगभग तय है। चयनकर्ता आईपीएल के आखिर तक इंतजार करना चाहते थे, ताकि यह देख सकें कि क्या वह अपनी पुरानी लय में लौट पाते हैं या नहीं। लेकिन, वह पूरी तरह से लय से बाहर दिखे। वह रन ही नहीं बना रहे थे बल्कि उनकी बल्लेबाजी में भी वह धार नहीं दिख रही थी। इसलिए अब एक कड़ा फैसला लेना जरूरी हो गया है। चयनकर्ता उन्हें लंबी सूची से बाहर कर देंगे और उन्होंने संकेत दे दिया है कि सूर्यकुमार अब उनकी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। 'सूत्र ने कहा, 'श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा अगले टी20 कप्तान बनने के दावेदार हैं। ' हालांकि कप्तानी का चुनाव इतना सीधा नहीं है। संजू सैमसन का नाम भी कप्तानी की दौड़ में आगे चल रहा है। जिन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर टीम को तीसरी खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। संजू सैमसन गौतम गंभीर की पहली पसंद हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article